May 7, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

आखिरी फोन कॉल! शंकर घोष से बात करते-करते हुई शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या !

सिलीगुड़ी: बुधवार रात करीब 2 बजे मध्यग्राम के विवा सिटी अस्पताल का वेटिंग लाउंज मानो तनाव और शोक का केंद्र बन गया था। सिलीगुड़ी के भाजपा विधायक शंकर घोष कुर्सी पर चुपचाप बैठे थे, चेहरा स्तब्ध। उनके आसपास भाजपा के कई नेता और विधायक मौजूद थे। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ अब इस दुनिया में नहीं रहे।

घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। एक बांग्ला वेब पोर्टल से बातचीत में उन्होंने बताया विधायक शंकर घोष उल्टाडांगा से विधायक हॉस्टल लौट रहे थे। उसी दौरान उनकी फोन पर चंद्रनाथ रथ से बातचीत हो रही थी। दोनों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता दौरे और शनिवार को ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर चर्चा चल रही थी।

शंकर घोष ने बताया कि बातचीत के दौरान अचानक चंद्रनाथ की आवाज लड़खड़ाने लगी और फिर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने कई बार फोन पर आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में दोबारा कॉल करने पर दूसरी तरफ से किसी अनजान व्यक्ति की आवाज आई, जिसने कहा, “सर को गोली मार दी गई है।”

सूचना मिलते ही शंकर घोष ने तुरंत शुभेंदु अधिकारी को संदेश भेजा। खबर सुनते ही शुभेंदु अधिकारी स्तब्ध रह गए और तुरंत मध्यग्राम के लिए रवाना हो गए।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात चंद्रनाथ रथ विधानसभा की सरकारी गाड़ी से अपने मध्यग्राम स्थित फ्लैट लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को रोक लिया और बेहद करीब से उनके सीने पर ताबड़तोड़ पांच गोलियां दाग दीं। हमले में चालक को भी तीन गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद चालक ने साहस दिखाते हुए गाड़ी अस्पताल तक पहुंचाई। कार में मौजूद एक अन्य सहयोगी सिर झुका लेने के कारण बाल-बाल बच गया।

अस्पताल में जब डॉक्टर चंद्रनाथ रथ के शरीर से 9 एमएम पिस्तौल की गोलियां निकाल रहे थे, तब बाहर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षाबल तैनात थे। मौके पर पहुंचे राज्य पुलिस महानिदेशक के सामने शुभेंदु अधिकारी ने गहरा आक्रोश जताते हुए कहा, “इनमें से कोई भी बचना नहीं चाहिए।”

प्राथमिक जांच में पुलिस इसे पूरी तरह से सुनियोजित हत्या मान रही है। अधिकारियों के अनुसार हमलावरों ने पहले से रेकी कर वाहन और रास्ते की पूरी जानकारी जुटाई थी।

चंडीपुर के रहने वाले चंद्रनाथ रथ को शुभेंदु अधिकारी का बेहद करीबी और राजनीतिक संघर्ष का अहम साथी माना जाता था। उनकी हत्या के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। अब इस घटना को लेकर राजनीतिक साजिश और प्रतिशोध की आशंकाएं भी तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *