पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी कल सिलीगुड़ी पहुंच रहे हैं. मुख्यमंत्री बनने के बाद सुवेंदु अधिकारी का यह पहला सिलीगुड़ी दौरा है, जहां मुख्यमंत्री उत्तर कन्या में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक में भाग लेने वाले हैं. सिलीगुड़ी में मुख्यमंत्री के स्वागत से लेकर उनकी सुरक्षा तक की खास तैयारी चल रही है. यह तैयारी केवल प्रशासनिक स्तर पर ही नहीं, बल्कि पार्टी स्तर पर भी चल रही है.
राज्य में भाजपा की सरकार बनी है. इसकी खुशी ना केवल पार्टी कार्यकर्ताओं में बल्कि सिलीगुड़ी के आम लोगों में भी देखी जा रही है. पिछली सरकार में डर के साए में जीने वाले लोगों को जैसे एक आजादी मिली है. ऐसे में वे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का सिलीगुड़ी में पूरे उत्साह के साथ स्वागत करने की जरूर कोशिश करेंगे.
सत्ता बदलते ही बंगाल की पहचान को भी एक नई गति मिली है. राज्य में भाजपा की सरकार को देखते हुए सभी राजकीय संस्थाओं, सरकारी दफ्तरों और मिनी सचिवालय का रंग रोगन बदला जा रहा है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी उत्तर कन्या में प्रशासनिक बैठक करेंगे. ऐसे में उत्तर कन्या के रंग को भी भाजपामय बना दिया गया है. सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री सिलीगुड़ी में जहां-जहां जाएंगे, उन सभी इलाकों में किसी न किसी रूप में भगवा रंग जरूर नजर आएगा!
सूत्र बता रहे हैं कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी झंकार मोड जा सकते हैं और वर्धमान रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन कर सकते हैं. हालांकि पार्टी और प्रशासनिक स्तर पर इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है. पर कयास लगाया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कल ही वर्धमान रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन कर सकते हैं. इसकी चर्चा भी है.
आज मुख्यमंत्री के सिलीगुड़ी दौरा को देखते हुए काफी हलचल बढ़ गई. भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी जोश है तो पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों में भी काफी अलर्टनेस देखा जा रहा है. सुवेंदु अधिकारी सत्ता संभालते ही एक्शन मोड में आ चुके हैं. उन्होंने एक हफ्ते में ही कई ऐतिहासिक फैसले लेकर राजनीतिक विश्लेषकों को भी हैरानी में डाल दिया है. धीरे-धीरे उनकी एक ‘नायक’ की छवि बनती जा रही है.
सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल में औद्योगिक विकास का ढांचा तैयार करने से लेकर समग्र समाधान व्यवस्था, सुरक्षा, रोजगार और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श कर सकते हैं. इस बात की भी संभावना व्यक्त की जा रही है कि मुख्यमंत्री उत्तर बंगाल के समग्र विकास को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक कार्य योजना को अंतिम रूप देने पर सहमति व्यक्त कर सकते हैं.
सिलीगुडी पुलिस महकमा के अधिकारी मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर काफी अलर्ट हैं. उनके दौरे को देखते हुए सिलीगुड़ी के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन बाधित हो सकता है. सूत्र बता रहे हैं कि ट्रैफिक विभाग की ओर से रूट डायवर्जन को अंतिम रूप दिया जा रहा है. बहरहाल देखना होगा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सिलीगुड़ी के लोगों को और कौन सा नया तोहफा देते हैं!

