November 11, 2026
Sevoke Road, Siliguri
bsf newsupdate

सीमा पर तैनात BSF जवानों को भाजपा महिलाओं ने लगाया भाई दूज का तिलक!

भाई दूज का त्योहार… एक ऐसा अवसर, जब बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती हैं। घर-घर में भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का यह पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।
लेकिन कुछ भाई ऐसे भी हैं, जो अपने परिवार और अपनों से सैकड़ों किलोमीटर दूर रहकर देश की सुरक्षा में तैनात हैं। त्योहार हो या कोई खास मौका, इनके लिए सबसे पहले देश का कर्तव्य होता है।
हम बात कर रहे हैं देश की सीमाओं की सुरक्षा में दिन-रात मुस्तैद रहने वाले सीमा सुरक्षा बल यानी BSF के जवानों की।

दक्षिण दिनाजपुर जिले में इन जवानों के प्रति सम्मान और अपनापन जाहिर करते हुए भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में भाई दूज का पर्व मनाया।
बुधवार सुबह बंशीहारी थाना क्षेत्र के महिपाल स्थित साटिमारी BSF कैंप में भाजपा महिलाओं की ओर से जवानों को भाई दूज का तिलक लगाया गया। साथ ही उनकी लंबी उम्र और देश की सुरक्षा करते हुए सुरक्षित रहने की कामना की गई।
इस दौरान तिलक पाकर BSF जवानों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। त्योहार के इस खास मौके पर उन्हें भी बहनों का स्नेह और परिवार जैसा अपनापन महसूस हुआ।
वहीं, भाजपा बुनियादपुर शहर की महासचिव शिखा सरकार ने कहा कि BSF के जवान अपने परिवार से दूर रहकर देशवासियों की सुरक्षा में दिन-रात तैनात रहते हैं। ऐसे में उनके प्रति सम्मान जाहिर करने और उनकी लंबी उम्र की कामना के उद्देश्य से यह पहल की गई।
कुल मिलाकर, यह आयोजन सिर्फ भाई दूज का उत्सव नहीं, बल्कि उन वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जाहिर करने का एक भावुक प्रयास रहा, जो अपने त्योहारों की खुशियां छोड़कर देश की सीमाओं की रक्षा में जुटे रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *