नाम बक्सा टाइगर, यानी बाघ बाघिनों के रहने की सुरक्षित जगह! पर क्या यह बाघ बाघिनों के लिए सुरक्षित क्षेत्र रह गया है? इस बक्सा टाइगर रिजर्व का इतिहास रहा है कि यहां बाघ तो हमेशा रहे हैं, लेकिन वह कभी टिककर नहीं रहे. शुरू से ही यहां बाघों को लाया तो जाता है, लेकिन कुछ दिन के बाद ही बाघ या तो भूटान की ओर चले जाते हैं या फिर असम के जंगलों में भटकने लगते हैं.
जो यहां रह जाते हैं, उनकी वंश परंपरा आगे नहीं बढ़ पाती है. उदाहरण के लिए बिहार से यहां लाई गई बाघिन को ही ले लीजिए. जो गर्भवती थी. लेकिन अब उसका गर्भपात हो गया है. उसके गर्भ में तीन शावक पल रहे थे, जिनकी मौत हो गई है. यह बाघिन असम के कोकराझाड़ इलाके में रायमूना नेशनल पार्क के जंगल में पहुंच गई थी. उसे वापस बक्सा लाने के लिए वन विभाग को दोबारा ट्रेंकुलाइज करना पड़ा. कदाचित इसी कारण बाघिन का गर्भपात हुआ.
बाघों की सुरक्षित शरण स्थली के रूप में बक्सा टाइगर रिजर्व प्रसिद्ध है. पर बाघ टाइगर रिजर्व में टिकना ही नहीं चाहते. क्या बक्सा टाइगर बाघों के रहने के लिए अनुकूल नहीं है? यह सवाल एक बार फिर से उठाया जा रहा है कि हाल ही में बक्सा टाइगर रिजर्व में छोड़ी गई बाघिन दूसरी बार बाड़ तोड़कर जंगल से बाहर निकल गई थी.
इससे पहले 2 अक्टूबर को बाघिन बाड़ से निकलकर असम की तरफ चली गई थी. इस बाघिन को बिहार से लाकर बक्सा के जंगल में छोड़ा गया था. क्या बाघ को बक्सा रास नहीं आ रहा है या फिर वन्य जीवों के लिए वर्तमान में वातावरण आरामदायक नहीं है? नाम तो बक्सा टाइगर है. यह बाघों की शरणस्थली है. लेकिन बाघ हैं कि उसमें रहना नहीं चाहते. इसलिए इस सवाल के दायरे में वन कर्मचारी और अधिकारी भी आते हैं.
हालांकि विशेषज्ञ इसका कारण कुछ और बताते हैं. उनके अनुसार बाघ उसी जगह रहना पसंद करते हैं, जहां उन्हें अपना आरामदायक परिवेश मिलता है. जब उनके अनुकूल परिवेश मिल जाता है, तब वह उसमें अपना जीवन बिताना शुरू कर देते हैं. धीरे-धीरे उन्हें अनजान इलाका भी अपना लगने लगता है. लेकिन शुरुआत में उन्हें टिके रहने के लिए उन्हें सुखद अनुभव कराना जरूरी होता है. तो क्या बक्सा टाइगर रिजर्व के वन कर्मियों की कोई लापरवाही है?
विशेषज्ञों के अनुसार बाघों के संरक्षण के रूप में निर्मित बक्सा टाइगर रिजर्व में बाघों के संरक्षण के लिए कुछ चीजें काफी महत्वपूर्ण होती हैं. जैसे आरामदायक परिवेश, दूसरी जगह से यहां लाने पर उनके लिए एकांत स्थल की भी जरूरत होती है, जहां उन्हें किसी तरह से डिस्टर्ब नहीं किया जाए. बाघों के लिए यह भी जरूरी है कि वे जहां रहे, उन्हें पूरी सुरक्षा मिले.
हालांकि बक्सा टाइगर रिजर्व के कर्मचारी और अधिकारी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करते हैं. जब भी यहां कोई दर्शक आता है तो उसे बक्सा टाइगर रिजर्व के नियमों के अनुसार ही प्रवेश और स्थान भ्रमण का अवसर मिलता है. फिर भी कहीं ना कहीं कुछ ना कुछ चूक तो रह ही जाती है. विशेषज्ञों के अनुसार यह जरूरी नहीं है कि जिसे हम अनुकूल समझते हैं, बाघ भी उसे अनुकूल समझे. क्योंकि उन्हें हमेशा कंफर्ट जोन की आवश्यकता होती है.
जब भी किसी नई जगह पर किसी बाघ या बाघिन को लाया जाता है तो वह सर्वप्रथम वहां के वातावरण से प्रभावित होता है और समझने की कोशिश करता है कि उसे कहां अधिक सुरक्षा और आराम मिल रहा है. उदाहरण के लिए बिहार से यहां लाई गई बाघिन को ही ले लीजिए. जब उसे यहां जंगलों में छोड़ा गया तो उसने आसपास के इलाके में अपने लिए सुरक्षित और आरामदायक परिवेश की तलाश करनी शुरू कर दी. इसी क्रम में वह असम भाग गई.
दरअसल असम के जंगलों में बाघों के लिए आरामदायक और सुरक्षित परिवेश मिल जाता है. यही कारण है कि यहां से असम की तरफ भागे बाघ वहां से लौटना पसंद नहीं कर रहे हैं. बक्सा से भागी बाघिन के शरीर में लगे रेडियो काॅलर से पता चला कि वह बक्सा के 25 माइल जंगल से 27 माइल जंगल की तरफ बढ़ गई. बाद में उसे वापस बक्सा लाया गया था.
विशेषज्ञ और वैज्ञानिक इस प्रयास में जुट गए हैं कि आखिर किस तरह से यहां बाघ बाघिनों को उपयुक्त संरक्षण मिल सके. वैज्ञानिक इस पर भी विचार कर रहे हैं कि किस तरह से उन्हें टिके रहने के लिए उपयुक्त प्रबंध किया जाए! उम्मीद है कि बक्सा टाइगर रिजर्व के विशेषज्ञ और वैज्ञानिक कुछ ऐसा प्रबंध करेंगे ताकि बाघों के लिए कुदरती तौर पर आरामदायक क्षेत्र साबित हो सके!

