November 28, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Bengal breaking DRUGS matigara matigara police station newsupdate

माटीगाड़ा में पुलिस की नशा विरोधी कार्रवाई, 104 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार !

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में माटीगाड़ा में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 104 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीत बर्मन के रूप में हुई है, जो नक्सलबाड़ी का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, माटीगाड़ा के परिवहन नगर के पास एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर पड़ी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि उक्त युवक मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल है। सूचना मिलते ही माटीगाड़ा थाने की सादे कपड़ों में तैनात पुलिस टीम सक्रिय हुई और तत्काल मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया।

इसके बाद जब युवक की तलाशी ली गई तो उसके पास से 104 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई।

प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बरामद ब्राउन शुगर की तस्करी की योजना थी। हालांकि, मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही इस मामले में किसी बड़े मादक पदार्थ तस्करी गिरोह की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार युवक को एनडीपीएस एक्ट के तहत कल सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास करेगी।

सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की विभिन्न थानों की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत माटीगाड़ा पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच माटीगाड़ा थाना पुलिस कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *