संकोष और घोलानी नदियों के दूषित जल ने सिलीगुड़ी की महानंदा नदी के जल की स्वच्छता पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है. क्या संकोष और घोलानी जैसी नदियों का जल परोक्ष रूप से महानंदा तथा दूसरी सहायक नदियों के जल से मिला नहीं होगा? जब इन दोनों नदियों का पानी खतरनाक हो चुका है तो ऐसे में महानंदा, पंचनई आदि नदियों का पानी भला कैसे स्वच्छ रह सकता है! हर साल इन नदियों के घाट पर भारी संख्या में छठ पूजा का आयोजन होता है.
हालांकि प्रशासन के द्वारा नदियों के तट की सफाई जारी है. लेकिन नदी के जल की स्वच्छता की जांच कैसे होगी? यह कैसे पता चलेगा कि भूटान से आया जहरीला पानी महानंदा या अन्य नदियों के जल में मिला है या नहीं? क्या छठ पूजा से पहले प्रशासन इसकी सुधि लेगा? इस बारे में स्थानीय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई प्रकाशित विवरण उपलब्ध नहीं है.
भूटान से आए जहरीले पानी ने सीधे तौर पर अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिले की कुछ नदियों के जल को प्रदूषित किया है. अलीपुरद्वार जिले में बहने वाली संकोश और घोलानी नदियों का पानी विषाक्त हो चुका है. इन नदियों में बड़े पैमाने पर मछलियों की मौत हुई है. इस घटना के 7 दिन से ज्यादा हो गए, लेकिन आज भी इन नदियों का जल काला और जहरीला बना हुआ है.
ऐसे में सवाल है कि विषाक्त जल में छठ पूजा कैसे होगी! क्योंकि छठ पूजा के लिए स्वच्छ जल की आवश्यकता होती है. आमतौर पर छठ पूजा नदी के तट पर की जाती है, जहां नदी का पानी बहता हुआ स्वच्छ व निर्मल हो. संकोष और घोलानी नदियों में हर साल भारी संख्या में छठ व्रतधारी छठ व्रत करते हैं. वे नदी के पानी में उतरकर अर्घ्य देते हैं. तो क्या इस बार जहरीले पानी से ही अर्घ्य दिया जाएगा?
आपको बताते चलें कि 30 अक्टूबर की रात भूटान की शिनताफू हिमनद झील फटने से प्रदूषित पानी संकोष समेत Dooars के आसपास की कई नदियों में पहुंच गया था. इन नदियों का पानी इतना जहरीला हो गया था कि भारी मात्रा में इन नदियों में मछलियां मृत अवस्था में मिली थीं. एक हफ्ते से भी काफी समय हो गया है. लेकिन आज भी संकोष और घोलानी नदियों का जल मटमैला और काला पड़ा हुआ है.
राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री मनोज कुमार उरांव ने इस स्थिति को गंभीरता से लिया है और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है. 15 नवंबर को नदियों के तट पर छठ व्रतधारी छठ पर्व करेंगे. ऐसे में प्रशासन के लिए भी यह चिंता का विषय है. अगर जहरीले पानी में अर्घ्य दिया जाता है तो उसका प्रभाव क्या होगा.
सूत्र बताते हैं कि स्थानीय प्रशासन नदियों के पानी के स्वच्छ होने का इंतजार कर रहा है. क्योंकि कई बार वनस्पतियां और जंतु नदी के पानी को खुद ही स्वच्छ कर देते हैं. लेकिन अगर ऐसा नहीं होता है तो प्रशासन के पास क्या विकल्प होगा? अभी तो यह भी तय नहीं है कि नदी के जल की जांच कराई जाएगी.
बहरहाल जो स्थिति संकोश और घोलानी नदियों के तट पर छठ पर्व करने वाले व्रतधारियों के लिए है, ठीक वही स्थिति सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी तथा आसपास में बहने वाली नदियों के घाटों पर छठ व्रत करने वालों के लिए भी होने वाली है. ऐसे में छठ पूजा की सफलता में जुटे छठ पूजा कमेटियों और स्थानीय प्रशासन की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है कि वे छठ पूजा व्रतधारियों के स्वास्थ्य की ही नहीं बल्कि उनकी धार्मिक, सामाजिक व पर्यावरणीय परंपरा की सुरक्षा सुनिश्चित करें.

