November 28, 2026
Sevoke Road, Siliguri
Bengal प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी में छठ पूजा की तैयारी जोर-शोर से शुरू!

दीपावली और काली पूजा बीतने के साथ ही सिलीगुड़ी में छठ पूजा की तैयारियां घाटों से लेकर घरों तक देखी जा रही हैं. एक तरफ सिलीगुड़ी नगर निगम और सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण की ओर से विभिन्न घाटों पर साफ सफाई का काम जोर-शोर से चल रहा है, तो दूसरी तरफ घर-घर में महिलाएं छठ पूजा के लिए घरों की साफ सफाई से लेकर ठेकुआ बनाने के लिए गेहूं बीनने, धोने और सूखाने की पूर्व तैयारी शुरू कर दी है. इसी गेहूं के आटे से अर्घ्य देने के लिए ठेकुआ तैयार किया जाता है.

चार दिवसीय छठ व्रत शुक्रवार से शुरू हो रहा है. शुक्रवार को नहाए खाए, शनिवार को खरना, रविवार को संध्या अर्घ्य जबकि सोमवार को प्रातः कालीन अर्घ्य देने के साथ ही पर्व का समापन हो जाएगा. यह अत्यंत कठिन व्रत है. शास्त्रों में इसका काफी महत्व है. छठ महापर्व को लेकर अनेक कथाएं कही जाती हैं. वैज्ञानिक तौर पर यह पर्व सामाजिक सद्भाव, प्रेम, एकता और प्रकृति के प्रति समर्पण का भी प्रतीक है.

सूर्य को इस पृथ्वी पर जीवन ऊर्जा और प्रकाश का मुख्य स्रोत माना जाता है. जीवनदाई शक्तियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ही भगवान सूर्य की पूजा की जाती है. छठी मैया को प्रकृति और संतान की रक्षा करने वाली देवी माना गया है. माताएं अपनी संतानों के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और उज्जवल भविष्य के लिए यह कठिन व्रत रखती हैं. इस महापर्व में डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है. यह इस बात का प्रतीक है कि जीवन में उतार-चढाव और अवस्था का सम्मान करना चाहिए.

छठ महापर्व की एक पौराणिक मान्यता के अनुसार महाभारत काल में सूर्य पुत्र कर्ण ने जल में खड़े होकर सबसे पहले सूर्य देव की उपासना की थी. इससे उन्हें दिव्य शक्ति प्राप्त हुई थी. द्रौपदी ने भी पांडवों के राज पाठ की वापसी और सुख समृद्धि के लिए यह व्रत रखा था. रामायण काल में जब भगवान राम और माता सीता अयोध्या लौटे तब कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की षष्ठी को उन्होंने सूर्य देव और छठी मैया की आराधना की थी.

हर साल कार्तिक महीने में षष्ठी तिथि को मनाये जाने वाले छठ महापर्व के लिए सिलीगुड़ी के विभिन्न बाजारों में खरीददारों और विक्रेताओं की भीड़भाड़ बढ़ गई है. दउरा और सूप की बिक्री तो दिवाली से पहले से ही चल रही है. आज विभिन्न बाजारों में दउरा, सूप लेने वालों की जबरदस्त भीड़ देखी गई. पिछले साल की तुलना में इस बार लोगों ने बताया कि सूप दउरा ही नहीं, बल्कि नारियल और विभिन्न फल काफी महंगे हो गए हैं.

इस महापर्व के लिए दउरा, सूप,नारियल, नींबू, केला समेत अनेक तरह के फलों की आवश्यकता होती है. चंपासारी, विधान मार्केट, महावीर स्थान, सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन बाजार और विभिन्न छोटे बड़े बाजारों में छठ पूजा के काम में आने वाले सामानों की बिक्री देख सकते हैं. एक सामान्य दउरा 300 से ₹400 प्रति, एक सामान्य सूप ₹100 से लेकर 125 रुपए, एक जोड़ा नारियल 150 से लेकर ₹200, अमरूद ₹80 से लेकर ₹100 प्रति किलो, मिट्टी का चूल्हा ₹300 से लेकर ₹500 बिक रहा है.

हालांकि छठ पूजा के प्रसाद में आने वाले अन्य कच्चे फलों की खरीददारी लोग शुक्रवार से शुरू करेंगे. जिसमें ईंख भी प्रमुख है. केवल फल मूल ही नहीं, बल्कि पकवान के दूसरे सामान भी काफी महंगे बिक रहे हैं. सरसों तेल, मसाला, दाल, आटा, चीनी, गुड़ आदि की भी कीमत बढ़ गई है. गरीब छठव्रतियों के लिए हमेशा की तरह सिलीगुड़ी के विभिन्न समाजसेवी संगठनों से लेकर राजनीतिक दलों के लोग सामान वितरण इस बार भी करने वाले हैं. वितरण का काम शुक्रवार से शुरू हो जाएगा.

छठ महापर्व को शांति, भक्ति और पूरे उत्साह के साथ संपन्न कराने के लिए सिलीगुड़ी जिला प्रशासन कृत संकल्प है. छठ व्रतियों के लिए घाटों पर जाने के लिए सड़कों की साफ सफाई से लेकर अस्थाई रूप से सड़क निर्माण भी विभिन्न वार्डों में किया जा रहा है. सिलीगुड़ी में छठ पूजा की विशेष रौनक Airview के पास लालमोहन निरंजन मौलिक घाट, मां संतोषी घाट, नौका घाट, हरिओम घाट आदि पर देखी जा सकती है. विभिन्न छठ पूजा कमेटियों की तरफ से हमेशा की तरह इस बार भी रात्रि समय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *