May 20, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

‘शुभेंदु अधिकारी के दिल में सिलीगुड़ी बसता है’! सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल के सर्वांगीण विकास की स्क्रिप्ट रच कर मुख्यमंत्री कोलकाता लौटे!

सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल के लोगों को उनकी पसंद की सरकार मिल गई है. ऐसे में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री का स्वागत करने में सिलीगुड़ी भला कैसे पीछे रहता. उत्तर बंगाल 2021 से ही भाजपा का साथ देता रहा है. तभी तो मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी उत्तर बंगाल के लोगों का आभार प्रकट करते हुए कहते हैं कि मैं और मेरी पार्टी उत्तर बंगाल के लोगों का ॠण अवश्य ही चुकाएगी. उन्होंने उत्तर बंगाल के लोगों को भरोसा दिया है कि उनका सपना भाजपा सरकार हर हालत में पूरा करेगी.

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को देखने के लिए बागडोगरा एयरपोर्ट से लेकर उत्तर कन्या तक लोगों की भीड़ लगी थी. जिस जिस रास्ते से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरा, लोगों ने सुबेंदु अधिकारी जिंदाबाद और जय श्री राम के नारे लगाए. बागडोगरा ,मेडिकल, नौकाघाट से लेकर एशियन हाईवे तीनबती मोड़ से आगे कामरंगागुडी मिनी सचिवालय तक मुख्य सड़क पर उनके बड़े-बड़े कट आउट लगे हुए थे.

सिलीगुड़ी ट्रैफिक व्यवस्था चाक चौबंद थी. यात्री वाहनों का परिचालन रोक दिया गया था. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व्यस्त नजर आ रहे थे. सिलीगुड़ी पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने गरमजोशी से स्वागत किया.

आज सुबह मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी कोलकाता से विमान द्वारा बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां समतल और पहाड़ से आए भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं से उन्हें लाद दिया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री का स्वागत करने पहुंचे राजू बिष्ट ने कहा कि उत्तर बंगाल के दिल में नरेंद्र मोदी और शुभेंदु अधिकारी रहते हैं और मोदी और शुभेंदु अधिकारी के दिल में उत्तर बंगाल बसता है. ममता बनर्जी की सरकार ने उत्तर बंगाल के साथ सौतेला व्यवहार किया था. अब यहां विकास भी होगा और लोगों का उन्नयन भी होगा.

मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु अधिकारी का यह पहला उत्तर बंगाल दौरा था, जहां हवाई अड्डे से लेकर पार्टी कार्यालय तक उनका अभूतपूर्व स्वागत किया गया था. सुवेंदु अधिकारी भाव विभोर नजर आए. फिर उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि मैं उत्तर बंगाल हर महीने आता रहूंगा. लेकिन यहां घूमने नहीं बल्कि काम करने और उत्तर बंगाल में होने वाले विकास कार्यों की समीक्षा करने आता रहूंगा.

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि हमारी पार्टी के घोषणा पत्र में उत्तर बंगाल में आईआईटी, कैंसर हॉस्पिटल और एम्स की स्थापना का उल्लेख है. इसे हम उत्तर बंगाल के 5 जिलों में अवश्य पूरा करेंगे. और यहां के लोगों का सपना साकार करेंगे. उत्तर बंगाल शुरू से ही भाजपा का साथ देता रहा है. यही कारण है कि सुवेंदु अधिकारी ने कह दिया कि उत्तर बंगाल में विकास के लिए किसी तरह की कोई कमी नहीं रखी जाएगी और यहां के लोगों की समस्याओं का समाधान होगा.

उन्होंने कहा कि मैं हर महीने यहां मिनी सचिवालय में जनता दरबार में भाग लेने आऊंगा. उत्तर बंगाल के मंत्री निशित प्रमाणिक हर हफ्ते उत्तर कन्या में जनता दरबार लगाएंगे. उत्तर बंगाल के अन्य मंत्री और नेता भी जनता दरबार को संबोधित करेंगे और यहां के लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे. आज मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जीटीए में धांधली की भी बात कही और उसकी जांच करने की बात कह कर पहाड की राजनीति को गरमा दिया है.

जैसा कि पहले से ही यह चर्चा थी कि आज वर्धमान रोड फ्लाईओवर का उद्घाटन मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी कर सकते हैं. लेकिन ऐसा हुआ नहीं. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी का काफिला वर्धमान रोड से ही झंकार मोड पर बिना रुके गुजर गया. जबकि उनके काफिले को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस के ट्रैफिक विभाग की ओर से हावड़ा पैट्रोल पंप से लेकर झंकार मोड तक रास्ता ब्लॉक कर दिया गया था.

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी बागडोगरा एयरपोर्ट से मल्लागुरी स्थित भाजपा सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला कार्यालय पहुंचे जहां उनका गरमजोशी से स्वागत किया गया था. उसके बाद उनका काफिला एयरव्यू मोड होते हुए वर्धमान रोड से उत्तर कन्या पहुंचा. यहां मुख्यमंत्री ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पांच जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक बैठक की और उन्हें आवश्यक निर्देश देने के बाद कोलकाता के लिए प्रस्थान कर गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *