एक तरफ देश के कई राज्यों में भयंकर गर्मी और लू चल रही है, तो दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल और खासकर उत्तर बंगाल में हो रही बारिश से मौसम काफी सुहावना बना हुआ है. आज एक बार फिर से सिलीगुड़ी में हुई बारिश ने यहां के मौसम को काफी खुशनुमा बना दिया है. मौसम विभाग से जो जानकारी मिल रही है, उसके अनुसार उत्तर बंगाल में बारिश का मौसम अभी बना रह सकता है.
गुरुवार को उत्तर बंगाल के कई जिलों में भी भारी बारिश हुई थी. इनमें दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई थी. अब मौसम विभाग ने बताया है कि आज से बारिश और गंभीर रूप ले सकती है.क्योंकि बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी उठ रही है, जिससे मेघ गर्जन और बिजली गिरने की शिकायतें अत्यधिक हो सकती हैं.
आज से उत्तर बंगाल के लगभग सभी जिलों में बारिश होगी. बारिश के साथ तूफान भी कहर बरपा सकता है. मौसम विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिमपोंग अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. आपको बताते चलें कि मई महीने में बारिश ने पिछले कई सालों के मई महीने में होने वाली बारिश का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
यूं तो जून महीने में मानसून आएगा. लेकिन उससे पहले मई के महीने में बारिश, कम गर्मी, लू नहीं चलने से विशेषज्ञ भी चिंतित हैं. यह ग्लोबल वार्मिंग का तेज असर है या मौसमी परिवर्तन की आहट है? देखा जाए तो अप्रैल महीने से लेकर मई तक उत्तर बंगाल में रुक रुक कर बारिश होती रही है. दो-चार दिन की गर्मी और फिर बारिश का यह सिलसिला अप्रैल महीने से ही जारी है. खासकर बारिश के साथ तूफान और अंधर ने काफी तबाही मचाई है.
उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों में बिजली गिरने और पानी में डूबने से पिछले दो महीने में 17 लोगों की मौत हो चुकी है. उत्तर दिनाजपुर जिले में सात लोगों की मृत्यु हुई .जबकि उत्तर बंगाल के अन्य जिलों में तूफान या बारिश के पानी में करंट फैलने से लोग मारे गए. मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की आपदा विभाग तैयारी कर रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार बिजली गिरने से उत्तर दिनाजपुर में दो और दक्षिण दिनाजपुर में एक व्यक्ति की मौत हो गई. जबकि नदी में डूबने के कारण दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और दक्षिण दिनाजपुर जिले में एक-एक और कूचबिहार तथा मालदा जिले में तीन-तीन और उत्तर दिनाजपुर जिले में पांच लोगों की मौत हो गई.
मौसम विभाग की रिपोर्ट से पता चलता है कि इस हफ्ते सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल के लोगों को बारिश के बीच ही अपनी जीवन शैली और गतिविधियों को जारी रखना होगा. हालांकि कुछ इलाकों में बारिश तांडव रूप दिखा सकती है. ऐसे में लोगों को सावधान भी किया जा रहा है.

