July 22, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी के विधान मार्केट का बदलेगा लुक!

बंगाल में सरकार बदलते ही विकास परियोजनाओं की झड़ी लगती जा रही है. स्वास्थ्य, कृषि,भवन निर्माण, सिलीगुड़ी के सौंदर्यीकरण से लेकर सिलीगुड़ी के विभिन्न बाजारों की दशा और दिशा बदलने की पूरी तैयारी है. रोड मैप तैयार किया जा चुका है और अब काम शुरू होने वाला है. सूत्र बताते हैं कि दुर्गा पूजा या इस साल के आखिर तक सिलीगुड़ी के कई बाजारों का कायाकल्प होगा. उनमें विधान मार्केट भी एक है.

विधान मार्केट सिलीगुड़ी का सबसे वृहतम बाजार है. यहां होलसेल की अधिकतर दुकानें हैं, जहां से खरीदारी करने के लिए पहाड़ और Dooars से काफी व्यापारी आते हैं. दिनभर इस स्थान पर खरीदारों और विक्रेताओं की हलचल देखी जा सकती है. विधान मार्केट के अंतर्गत ही हांगकांग मार्केट, सेठ श्रीलाल मार्केट और बहुत से क्षेत्र आते हैं. हॉन्गकॉन्ग मार्केट, सेठ से लाल मार्केट को छोड़ दें तो विधान मार्केट में आज भी गंदगी व जल जमाव देखा जा रहा है.

यहां जगह जगह कुड़ा का ढेर भी देख सकते हैं. जल निकासी व्यवस्था भी काफी खराब है. इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था काफी पुरानी है. बरसों से बल्ब या ट्यूबलाइट बदली नहीं गई है. मछली बाजार में बदबू और गंदगी का आलम ऐसा है कि सब्जी बाजार से ही इसकी बदबू महसूस हो जाती है. हालांकि सब्जी बाजार में भी गंदगी रहती है. अनेक व्यापारी या दुकानदार अपनी टूटी-फूटी दुकानों में व्यापार कर रहे हैं. बरसों से यही सब अवस्था है.

लेकिन अब जल्द ही इसका लुक बदलने जा रहा है. व्यापारियों की लंबित मांगों को देखते हुए सरकार और स्थानीय प्रशासन ने फैसला किया है कि विधान मार्केट की ढांचागत व्यवस्था में बदलाव लाया जाए और क्रेता तथा विक्रेता दोनों को ही एक नए वातावरण में शॉपिंग का अनुभव कराया जाए. सिलीगुड़ी नगर निगम के आयुक्त वीर विक्रम राय ने विधान मार्केट के व्यापारियों से मुलाकात करके उन्हें आश्वासन दिया है.

हालांकि सूत्र बता रहे हैं कि इस काम को कई चरणों में पूरा किया जाएगा. फिलहाल मछली एवं सब्जी बाजार की अवस्था सुधारी जाएगी. इसके अलावा बरसात के समय जल निकासी व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाएगा. कचरा निपटान प्रणाली को भी दुरुस्त करने के अलावा और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था को सुनिश्चित करने की भी तैयारी है. इसके लिए सिलीगुड़ी नगर निगम और सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण दोनों एक दूसरे के साथ समन्वय बना रहे हैं. बाजार में सुबह 9:00 बजे तक कचरा निपटान का काम पूरा कर लिया जाएगा.

इसके अलावा जल जमाव वाले क्षेत्रों में कठिनाइयों को दूर करने के लिए सिलीगुड़ी प्रशासन ने लाइट बदलने के साथ ही नालियों की साफ सफाई की भी योजना बना ली है. क्योंकि यह एक बड़ा बाजार है और इसमें लगभग 1600 स्टॉल हैं. इसलिए 1 दिन में यह पूरा नहीं हो सकता है. जरूरी कामों को अभी निपटाया जाएगा और बरसात बाद इसका कायाकल्प शुरू कर दिया जाएगा. सिलीगुड़ी की अर्थव्यवस्था में विधान मार्केट का एक बड़ा योगदान है. एक अनुमान के अनुसार यहां दैनिक कारोबार लगभग 20 करोड रुपए का है.

पहले चरण में सिलीगुड़ी प्रशासन मछली बाजार का कायाकल्प करने वाला है. जबकि दूसरे चरण में सब्जी बाजार का कायाकल्प किया जाएगा. व्यापारियों की पुरानी मांग है कि उनके पट्टे का नियमितीकरण हो. हालांकि फिलहाल यह मुद्दा विचार के अंतर्गत रखा गया है और जब SjDA की प्रशासनिक बैठक होगी तो उसमें इस मुद्दे को रखा जाएगा. सूत्र बता रहे हैं कि बहुत जल्द सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण प्रशासनिक बोर्ड की बैठक होने वाली है, जहां व्यापारियों की विभिन्न मांगों पर विचार किया जाएगा.

इसके साथ ही वर्षों से पट्टों को नियमित करने की जो मांग चल रही है,उसे निपटाने की सिलीगुड़ी नगर निगम प्रशासन और सिलीगुड़ी जलपाईगुड़ी विकास प्राधिकरण ने तैयारी कर ली है. बहर हाल देखना होगा कि सरकार की कथनी और करनी में कितना अंतर है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *