September 9, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी के दुर्गा नगर में बार डांसर की आत्महत्या या हत्या?

सिलीगुड़ी के दुर्गा नगर इलाके में एक किराए के मकान में कुछ खूबसूरत लड़कियां रह रही थीं. इनमें से अधिकांश लड़कियां सिलीगुड़ी की नहीं थीं और देश के दूसरे बड़े शहरों अथवा प्रदेशों से सिलीगुड़ी आकर रह रही थीं. सिलीगुड़ी के अलग-अलग पबों,होटलों,सिंगिंग बारों में काम करने वाली ये लड़कियां ड्यूटी खत्म करने के बाद कमरे में एकत्र होती थीं. उनके बीच हंसी-मस्ती चलती रहती थी. इन खूबसूरत बार बालाओं में एक नाम था शिवानी का.

लगभग 30 साल की शिवानी पंजाब की रहने वाली थी. वह काफी खूबसूरत थी. वह सिलीगुड़ी के एक पब बार में ग्राहकों का मनोरंजन करती थी. देर रात का समय था. कुछ लोग शिवानी के कमरे पर पहुंचे और शिवानी से बात करने लगे. शिवानी गुस्से में थी. आगंतुक और शिवानी के बीच बातचीत धीरे-धीरे विवाद में बदल गई. बाद में वे लोग वहां से चले गए. अगली सुबह शिवानी का फंदे से लटका शव उसके कमरे से पुलिस ने बरामद किया.

हालांकि पुलिस ने शिवानी की अस्वाभाविक मौत को हत्या या आत्महत्या अभी तक निश्चित नहीं किया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है. लेकिन इस घटना को केंद्र करके दुर्गा नगर में लोगों के बीच चर्चा है कि शिवानी की सोची समझी योजना के तहत हत्या की गई है. हालांकि प्रधान नगर पुलिस ने अभी तक शिवानी की मौत को रहस्यमय मान कर उसकी जांच शुरू कर दी है. सीसीटीवी कैमरे के अलावा पुलिस शिवानी के करीबियों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है. इसके अलावा मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है. लेकिन अभी तक घटना का कोई क्लू पुलिस के हाथ नहीं लगा है.

प्रधान नगर पुलिस ने आगे कुछ कार्रवाई करने से पहले उन लोगों की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना की रात शिवानी के किराए के कमरे पर शिवानी से मिलने आए थे और उनके बीच विवाद हुआ था. उनके सामने आने के बाद ही शिवानी और उनके बीच विवाद की असली वजह और शिवानी की मौत के बीच किसी संभावित संबंध का पता लग सकता है.

पुलिस और प्रशासनिक नियमों के ठीक उलट सिलीगुड़ी में किराए का मकान या फ्लैट मिलना बड़ा ही आसान है. सिलीगुडी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की ओर से मकान मालिकों को बराबर कहा जाता है कि वे किराए पर मकान देने से पहले किराएदार की छानबीन में पुलिस की मदद करें. लेकिन व्यावहारिक रूप में ऐसा होता नहीं है. मकान मालिक को भी अपने किराए से मतलब रहता है.

किराए के मकान में कौन आता है, कौन जाता है, मकान मालिक को इससे कोई लेना देना नहीं. लेकिन जब कोई बड़ी घटना घट जाती है,तो मकान मालिक से लेकर पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ जाता है. शिवानी की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं. यह घटना रहस्यमय भी है. क्योंकि आसपास के लोग बताते हैं कि जिस किराए के मकान में बार बाला शिवानी और उसकी जैसी लड़कियां रहती थीं, वहां इस तरह की दो घटनाएं पहले भी घट चुकी हैं.

यानी शिवानी से पहले दो और बार बालाओं ने फंदे से लटक कर अपनी जान दी या फिर सुनियोजित योजना के तहत उन्हें मार डाला गया और आत्महत्या का स्वरूप दिया गया. लोग यह भी बताते हैं कि मकान मालिक आमतौर पर बार बालाओं को रहने के लिए यही कमरा किराए पर देता था. सवाल यह भी है कि मकान मालिक ने किराए पर कमरा देने से पहले बार डांसर लड़कियों की सुरक्षा के लिए क्या कोई प्रबंध किया था? इसका जवाब है नहीं.

सिलीगुड़ी में एक और बार डांसर की अस्वाभाविक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. कुछ समय पहले 14 जून को सिलीगुड़ी के सेवक रोड में एक सिंगिंग बार में काम करने वाली बारबाला सारिका राजपूत की अस्वाभाविक मौत ठीक इसी तरह से हुई थी. दिल्ली की रहने वाली बार बाला की मौत कैसे हुई, आज तक पुलिस इस गुत्थी को सुलझा नहीं पाई है. एक बार फिर से सिलीगुड़ी में इसी तरह की रहस्यमय घटना घटी है. हालांकि कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि बार बाला की हत्या की गई थी.

यह बार बाला पंजाब की रहने वाली है, जिसका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला था. सवाल तो यह भी है कि अगर शिवानी ने खुदकुशी का प्रयास किया होता तो क्या वहां उसके साथ रहने वाली लड़कियां उसे ऐसा करने देती? अभी तक इस सवाल का भी जवाब नहीं मिला है कि उस किराए के मकान में बार बाला शिवानी के अलावा और कितनी लड़कियां रह रही थी? और जिस समय यह घटना घटी, उस समय बाकी लड़कियां कहां थी? बहरहाल प्रधान नगर पुलिस ऐसे और अनेक प्रश्नों का हल ढूंढने की कोशिश कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *