November 5, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

दीवाली से पहले ही अन्नपूर्णा का पैसा महिलाओं के खाते में जमा होगा!

पश्चिम बंगाल सरकार निर्धारित वक्त से पहले ही बंगाल की एक करोड़ 65 लाख महिलाओं की हैप्पी दिवाली करने जा रही है! महिलाओं के खाते में कल से अन्नपूर्णा योजना का पैसा जमा होना शुरू हो जाएगा. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने स्वयं ही इसकी घोषणा की है. यह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का दिवाली पर राज्य की महिलाओं को एक बड़ा तोहफा होगा.

इससे पहले मुख्यमंत्री कह चुके हैं कि प्रत्येक मास की 15 से 17 तारीख के बीच योग्य महिलाओं के खाते में अन्नपूर्णा का पैसा डीबीटी के जरिए जमा कराया जाएगा. उन्होंने अक्टूबर की किस्त भी लगभग 15-17 तारीख के बीच जारी की थी. लेकिन दिवाली और काली पूजा त्यौहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य की महिलाओं को खुश करने के लिए यह बड़ा कदम उठाया है.

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद हर माह अन्नपूर्णा भंडार का पैसा अपने खाते में जमा होने का इंतजार कर रही सिलीगुड़ी समेत पूरे बंगाल की महिलाओं को अभूतपूर्व खुशी मिली है. क्योंकि त्यौहारों में ना चाहते हुए भी खर्चे बढ़ जाते हैं. मुख्यमंत्री ने महिलाओं की इस स्थिति को समझा और नवान्न से घोषणा की है. दीपावली और काली पूजा से पहले ही महिलाओं को यह तोहफा मिलने जा रहा है.

केवल अन्नपूर्णा भंडार का पैसा ही नहीं, बल्कि वृद्धा भत्ता समेत अन्य सामाजिक योजनाओं की रकम भी पात्र व्यक्तियों को दीपावली काली पूजा से पहले ही मिलने जा रही है. अन्नपूर्णा योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को ₹3000 की मासिक आर्थिक सहायता दी जाती है. जबकि वृद्धा भत्ता के तहत प्रत्येक योग्य व्यक्ति को राज्य सरकार ₹1500 मासिक आर्थिक सहायता देती है.

आपको बताते चलें कि नवंबर मास का अन्नपूर्णा भंडार का पैसा उन्हीं योग्य लाभार्थियों को मिलेगा, जिनका बैंक खाता डीबीटी से लिंक होगा और जिनके नाम में कोई भूल नहीं होगी. अगर आप पहले से भी अन्नपूर्णा की किस्त प्राप्त कर रही हैं तो चिंता की कोई बात नहीं है. आपके खाते में अन्नपूर्णा का पैसा स्वतः जमा हो जाएगा.

मालूम हो कि राज्य सरकार के संबंधित विभाग द्वारा कोलकाता समेत राज्य के सभी जिलों के मजिस्ट्रेट को एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया था. जिसमें कहा गया था कि जिला मजिस्ट्रेट अन्नपूर्णा भंडार की लाभार्थी महिलाओं की पहचान करें. अगर कोई योग्य महिला इस लाभ से वंचित हैं तो उनका नाम पोर्टल पर जारी करें.5 नवंबर तक जिला मजिस्ट्रेट को लाभार्थी महिलाओं की सूची फाइनल करनी थी. समझा जाता है कि जिला मजिस्ट्रेट के द्वारा लाभार्थी महिलाओं की सूची भेज दी गई है.

राज्य के विभिन्न भागों से अन्नपूर्णा भंडार प्राप्त करने वाली महिलाओं की योग्यता को लेकर कई शिकायतें भी मिली है. आरोप है कि अन्नपूर्णा भंडार का पैसा प्राप्त करने वाली कुछ महिलाएं अमीर हैं और वे टैक्स पेयर भी हैं अथवा सरकारी नौकरी में हैं, उन्हें भी अन्नपूर्णा योजना का पैसा मिल रहा है. मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों से अपील की है कि अगर उन्हें लगता है कि अन्नपूर्णा का पैसा उन्हें नहीं मिलना चाहिए, तो वे आगे बढ़कर सरेंडर कर दें. इसके लिए सरकार उनका धन्यवाद करेगी.

मुख्यमंत्री सुबेंदु अधिकारी ने राज्य के सभी जिला मजिस्ट्रेट से भी इस बिंदु पर जांच करने को कहा है. लिहाजा यही कहा जा सकता है कि नवंबर महीने का पैसा प्राप्त करने वाली लाभार्थी महिलाएं पूरी तरह अन्नपूर्णा योजना की पात्र महिला होंगी, जिन्हें आगे भी इस योजना का लाभ मिलता रहेगा. इस बार राज्य सरकार ने लगभग 5 से 7 लाख अधिक महिलाओं को इस योजना के पात्र के रूप में चयन किया है. उन्हें भी अन्नपूर्णा का पैसा भेजा जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *