November 20, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी में ‘मोर्टार सेल’ मिलने के बाद दहशत!

सिलीगुड़ी का राष्ट्रीय राजमार्ग-10… भक्ति नगर का इलाका… उत्तर बंगाल पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय की नाक के नीचे मुश्किल से 100 मीटर की दूरी पर सड़क के किनारे खुले मैदान के पास कचरे में वह हथियार पड़ा था, जिसका इस्तेमाल केवल दो देशों के युद्ध के दौरान होता है. यह ऐसा घातक हथियार था, जो अगर फटता तो भयानक तबाही ला सकता था! इमारत पर फटता तो इमारत को जमींदोज कर सकता था!

रास्तेे से लोग आ रहे थे, जा रहे थे. लेकिन किसी का भी ध्यान इस तरफ नहीं था. कुछ लोग उधर कचरे की तरफ गए तो उन्होंने देखा कि कचरे में लगभग 1 फीट लंबी धातु का जंग लगा कोई बेलन के आकार की चीज पड़ी है. यह कोई साधारण चीज नहीं थी. उन्होंने इसे टीवी पर सेना के घातक हथियारों में शामिल देखा था. ऐसे घातक हथियार को वहां लावारिस अवस्था में पड़े देखकर लोगों की चीख निकल गई. धीरे-धीरे यह बात आसपास में फैल गई तो लोग आतंकित हो उठे.

क्योंकि यह इलाका भक्ति नगर थाना के अन्तर्गत आता है. लिहाजा पुलिस को सूचना मिली तो भक्ति नगर थाना से पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. अब तक घटनास्थल के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. भक्ति नगर पुलिस ने लोगों की भीड़ को एक तरफ हटाया और संदिग्ध वस्तु की जांच करने के लिए एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुला लिया. जांच में पाया गया कि उक्त वस्तु मोर्टार सेल थी.

जैसे ही पुलिस को मोर्टार सेल के बारे में पता चला तो सेना को भी इसकी जानकारी दे दी गई. इसके साथ ही उस रास्ते से आवाजाही को भी रोक दिया गया. सेना के अधिकारियों ने मोर्टार सेल की पुष्टि कर दी और एक्सपर्ट की सहायता से उक्त विस्फोटक वस्तु को बरामद करके उसे निष्क्रिय करने के लिए अन्यत्र ले जाया गया.

मोर्टार सेल एक अत्यंत घातक हथियार होता है, जिसका इस्तेमाल युद्ध भूमि में किया जाता है. यही घातक हथियार सिलीगुड़ी में भक्ति नगर थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के किनारे खुले मैदान के पास एक कचरे में पड़ा मिला. मजे की बात है कि यह स्थान उत्तर बंगाल पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से लगभग 100 मी की दूरी पर स्थित है. राष्ट्रीय राजमार्ग 10 तो वैसे ही एक व्यस्त सड़क मार्ग है.

उत्तर बंगाल पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय की ठीक नाक के पास इस तरह का सेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले घातक हथियार का मिलना अत्यंत हैरान करने वाली घटना है! सेना के अधिकारियों के लिए यह अत्यंत कौतूहल और जांच का विषय है कि आखिर मोर्टार सेल को यहां कैसे और किसने लाया? उसका मकसद क्या था? क्या सिलीगुड़ी शहर को तबाह करने के लिए वहां विस्फोटक को छुपाया गया था? क्या यह काम किसी आतंकवादी संगठन का हो सकता है?

पिछले कुछ दिनों से सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में बांग्लादेशी और आईएसआई समर्थित आतंकवादियों की तलाश तेज कर दी गई है. पुलिस ने एक संदिग्ध आईएसआई को पकड़ा है. एक बांग्लादेशी भी पकड़ा जा चुका है और उसका बांग्लादेश के आतंकवादी संगठन से संबंधों की जांच की जा रही है. पुलिस, सेना और खुफिया विभाग के लिए यह कम चुनौती नहीं है कि आखिर यहां मोर्टार सेल को किसने, क्यों, कैसे और किस मकसद लिए रखा? अधिकारी स्तर पर इसकी जांच शुरू कर दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *