November 20, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी: घर में जवान बेटी की मौत और मां फरार! कैसे हुई तनीषा की मौत?

दोस्ती-यारी जितना ही सीमित रहे, उतना ही आपकी सेहत के लिए अच्छा होता है. कबीर दास से लेकर बड़े-बड़े ऋषि मुनि तक कह गए हैं कि अगर निकटता सर पर चढ़ने लगी तो उसका अंत भी जल्द ही हो जाता है. हालांकि सिलीगुड़ी की यह कहानी कुछ अलग है. अलबत्ता यह दो सहेलियों की ऐसी कहानी है, जिसमें ऐसी चर्चा है कि एक मां ने अपनी दोस्ती की आड़ में बाधक बनी अपनी बेटी तक को मौत की नींद सुला दी.

यह घटना सिलीगुड़ी के डाबग्राम इलाके की है. यह सिलीगुड़ी नगर निगम के अंतर्गत वार्ड नंबर 23 के अंतर्गत आता है. यहीं एक परिवार रहता था. देर रात इसी परिवार में एक 22 साल की युवती की संदिग्ध पस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है.अब मौके से प्राप्त साक्ष्य, सबूत,पड़ोसियों के बयान और खुद मृतका के भाई के बयानों में छिपी सच्चाई से मामला हैरान कर देने वाला है.

अमृता घोष (कल्पित नाम) की अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला जमना दास( कल्पित नाम) से काफी घनिष्ठता थी. दोनों पक्की सहेलियां थीं. उनका ज्यादातर समय एक साथ बीतता था. समय बीतता रहा. जमना दास को किसी महत्वपूर्ण कार्य के लिए अचानक काफी पैसे की आवश्यकता पड़ी. उसने यह बात अपनी सहेली अमृता घोष को बतायी और उसका सहयोग मांगा. अमृता घोष ने कहा कि इतनी बड़ी रकम तो उसके पास नहीं है लेकिन बैंक से वह उसे लोन दिला सकती है.

फिर एक दिन अमृता घोष अपनी सहेली को लेकर उस बैंक में गई जहां उनका खाता था. अमृता घोष ने अपनी दोस्ती का मान रखने के लिए और अपनी सहेली को निराशा से बचाने के लिए बैंक में लोन का फॉर्म भरवाया और खुद की गारंटी पर लगभग 5 लाख रुपए का लोन अपनी सहेली को दिलवा दिया. लोन तो जमना दास ने ले लिया था, लेकिन वह लोन की किस्त समय पर भुगतान नहीं कर पा रही थी. बाद में तो वह रिकवरी एजेंट के डर से घर छोड़कर फरार रहने लगी.

समय पर लोन की किस्त नहीं चुका पाने और कई किस्तें बकाया रहने के बाद बैंक के रिकवरी एजेंट अमृता घोष के घर दौड़ने लगे. अब जमना दास तो नहीं, लेकिन अमृता घोष जरूर परेशान रहने लगी. अमृता घोष की परेशानी पूरे परिवार की परेशानी थी. अमृता घोष की बेटी तनीषा घोष को यह अच्छा नहीं लगता था कि उसकी मां अपनी सहेली की मदद के चक्कर में खुद घर में मुसीबत पैदा कर बैठे!

तनीषा घोष ने पहले भी अपनी मां को चेताया था. लेकिन मां नहीं मानी थी. अब मां की सहेली तो घर से गायब रहती थी, अलबत्ता उसकी मां पकड़ी जाती थी. रिकवरी एजेंट जमना दास को ढूंढने के बजाय लोन की गारंटी बनी अमृता दास के घर धमक रहे थे. इससे पूरा परिवार परेशान था. कई बार अमृता दास को भी रिकवरी एजेंटों से बचकर इधर उधर शरण लेना पड़ा था. पूरा परिवार जमना दास को ढूंढ रहा था. लेकिन वह काफी दिनों से दिखाई नहीं दे रही थी.

बृहस्पतिवार की रात के लगभग 10:00 बजे थे. तनीषा का भाई दीपंकर घोष उस समय घर पर नहीं था और वह कहीं बाहर गया था. उसी समय जमना दास चोरों की तरह उसके घर पहुंची और अमृता दास के कमरे में जाकर कुछ बातचीत करने लगी. उनकी बात किसी ने सुनी नहीं. लेकिन कुछ ही देर के बाद दीपंकर की दादी का दीपंकर के पास फोन आया तो दीपंकर तुरंत घर पहुंच गया.

दरअसल दीपंकर भी अपनी मां की सहेली जमना दास से बातचीत करना चाहता था. वह उससे काफी नाराज था. क्योंकि उसके चलते उसके पूरे परिवार की प्रतिष्ठा और शांति खतरे में पड़ चुकी थी. लेकिन जब वह घर लौटा तो मां के साथ जमना दास भी घर से बाहर जा चुकी थी. अपनी मां को तलाशता हुआ दीपांकर अपनी बहन के कमरे में पहुंचा तो उसने देखा कि उसकी बहन कंबल ओढ़ कर सो रही थी. दीपंकर ने उसे जगाना चाहा.

उसने अपनी बहन को जगाने के लिए जैसे ही उसके ऊपर से कंबल हटाया तो उसकी चीख निकल गई. तनीषा घोष की नाक से झाग निकल रहा था.जबकि उसके होंठ काले पड़ गए थे. जाहिर था कि उसे जहर दिया गया था. दीपंकर तुरंत ही अपनी बहन को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने तनीषा की जांच करके उसे मृत घोषित कर दिया. हालांकि सिलीगुड़ी पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया है.

पुलिस तनीषा घोष के पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रही है. इस बीच भक्ति नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटना के बारे में आवश्यक पूछताछ कर रही है . इसके अलावा घटनास्थल से साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है. कड़ियों को मिलाया जा रहा है. पुलिस को मृतका के बड़े भाई दीपंकर घोष का पूरा सहयोग मिल रहा है.

दीपंकर घोष ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन की मौत के मामले में उसकी मां और उनकी सहेली जमना दास का हाथ हो सकता है. दोनों ने मिलकर ऐसा कुछ किया है, जिसके बाद उसकी बहन की मौत हो गई. पुलिस के लिए यह एक बड़ा सवाल है आखिर एक मां अपनी बेटी को कैसे मौत के मुंह में पहुंचा सकती है? क्या सचमुच अमृता घोष ने आर्थिक लेनदेन के चलते अपनी बेटी की सोची समझी योजना के तहत हत्या की है या फिर कारण कुछ और है? पुलिस के लिए यह जानना जरूरी है. लेकिन संदेह का कारण यह है कि घर में बेटी की मौत होने पर उसकी मां फरार हो गई!

इसका खुलासा तो तभी होगा, जब अमृता घोष और जमुना दास का पता चलता है और पुलिस उनसे पूछताछ करती है. भक्ति नगर पुलिस ने फरार मां अमृता घोष तथा उनकी सहेली जमुना दास की तलाश तेज कर दी है. जल्द ही पुलिस आधिकारिक रूप से इस मामले का खुलासा कर देगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *