November 27, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

पति के सिर पर बंदूक रखकर महिला से दरिंदगी की घटना से दहशत!

पश्चिम बंगाल की यह घटना जरूर हैरान कर देने वाली है, जहां अपराधियों ने एक दंपति के घर में घुसकर पति के सामने ही महिला से दुष्कर्म किया और उनकी बेटियों के साथ मारपीट भी की. इतना ही नहीं, उन्होंने घर में रखे नगदी और जेवर भी लूटे और आसानी से फरार हो गए. घटना के तीन दिनों के बाद भी पुलिस ने अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है. यह घटना पश्चिम बंगाल के कानून एवं व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करती है.

पश्चिम बंगाल का एक जिला ऐसा भी है, जहां मालदा के बाद अक्सर आपराधिक घटनाएं देखी सुनी जाती है. मालदा के बाद नदिया जिला अपराध के क्षेत्र में तेजी से चर्चित हो रहा है. कभी नदिया जिला भक्ति और शिक्षा का केंद्र होता था. लेकिन आजकल यहां आपराधिक वारदातें बढ़ गई है. पिछले तीन महीने में नदिया में राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सभी तरह के अपराध बढे हैं. यहां अधिकतर दुश्मनी, छिनताई, घर में लूटपाट, महिला के साथ दुष्कर्म और राजनीतिक रंजिश के कारण होने वाले अपराध सबसे ज्यादा चर्चा में है.

3-4 महीने पहले कांग्रेस नेता एवं उनके पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अगस्त 2026 में नकाशीपाडा दोहरा हत्याकांड की गूंज अब भी सुनाई पड़ती है. कांग्रेस नेता अनिसुर रहमान तथा उनके पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हासखाली नाबालिक मामला और राणाघाट जैसे मामले भी चर्चा में है. अब एक बार फिर से चकदह में एक महिला के साथ दुष्कर्म और उनकी बच्चियों के साथ मारपीट की घटना की गूंज सुनाई पड़ रही है. चर्चा के अनुसार बदमाशों ने मतुआ महासंघ से जुड़े एक दंपति के घर में घुसकर पति के सिर पर बंदूक रखकर महिला के साथ दुष्कर्म किया था.

आश्चर्य की बात है कि यह घटना बुधवार को घटी थी, लेकिन अभी तक पुलिस ने इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की है. आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. चकदह थाना में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार रात्रि लगभग 12:30 बजे कुछ बदमाश दंपति के घर में घुस आए. उन्होंने घर के मुखिया के सर पर बंदूक रखकर धमकाया और उनकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उन्होंने महिला के पति तथा उनकी बच्चियों के साथ मारपीट भी की. इतना ही नहीं, घर में रखे नकदी और जेवर भी लूट ले गए. इसके साथ ही उन्होंने धमकी भी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो उन्हें मार दिया जाएगा!

बताया जा रहा है कि इस घटना के पीछे व्यक्तिगत और सामाजिक रंजिश थी. पिछले काफी समय से पीड़िता के पति को धमकियां मिल रही थी. पति का गुनाह सिर्फ इतना था कि वह मतुआ महासंघ से जुड़ा हुआ था और मतुआ महासंघ का समर्थक था. धमकी के बावजूद पीड़िता का पति ठाकुर नगर के रास उत्सव में शामिल हुआ था और उसके बाद से ही उसे जान से मारने की धमकियां मिल रही थी. इस घटना के बाद महिला के द्वारा चकदह थाना में शिकायत दर्ज कराई गई. लेकिन अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है. धीरे-धीरे यह मामला राजनीतिक रंग लेता जा रहा है. अब इसमें जिले के एसपी का भी दखल हो गया है.

एक महिला के साथ दरिंदगी की यह घटना तब ज्यादा हैरान करती है, जब यह दावा किया जाता है कि बदली सरकार में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति मजबूत हो रही है. लेकिन इस दावे की पोल तब खुल जाती है, जब घटना के तीन-चार दिनों के बाद भी पुलिस इस मामले में अब तक एक भी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल नहीं हुई है.विपक्षी पार्टियों के द्वारा इस घटना को लेकर सरकार पर हमले भी किए जा रहे हैं.बहरहाल पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है और विभिन्न पहलुओं से घटना की बारीकी से जांच की जा रही है. राणाघाट जिले के एसपी मौर्य ने बताया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम बनाई गई है. आरोपियों को शीघ्र ही दबोच लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *