June 27, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स rain siliguri temperature weather

सावधान! समतल से लेकर पहाड़ तक होगी भारी बारिश एवं भूस्खलन!

Beware! Heavy rain and landslides will occur from the plains to the mountains.

पिछले कई दिनों से समतल और पहाड़ी इलाकों में मानसून का कहर टूट पड़ा है. सिलीगुड़ी के विभिन्न इलाकों में जल भराव से लेकर जन जीवन अस्त-व्यस्त है. ट्रैफिक का भी बुरा हाल है. जिस तरह से मौसम विभाग की ओर से जानकारी मिल रही है, ऐसे में यह स्थिति और खराब होने वाली है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि सिलीगुड़ी से लेकर संपूर्ण उत्तर बंगाल और पहाड़ में भारी से भारी वर्षा,भूस्खलन और आकाशीय बिजली गिर सकती है.

आज भी सिलीगुड़ी के विभिन्न इलाकों में लोगों को जल जमाव से दो चार होना पड़ा. कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा है. सिलीगुड़ी के कई बाजार और कॉलोनियों में बरसात का पानी घुसने लगा है. सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 42 में बांग्ला बाजार में जल जमाव से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया. पिछले कई दिनों से सिलीगुड़ी में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. इस हफ्ते यह स्थिति बनी रह सकती है.

पहाड़ी इलाकों में भी लगातार हो रही वर्षा के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है. उधर सिक्किम में भी भारी भूस्खलन के चलते या तो कई मार्ग बंद हो चुके हैं या फिर यातायात को डाइवर्ट कर दिया गया है. पिछली रात की बारिश में रंगपो- रोराथांग रोड में हुए भारी भूस्खलन के चलते सड़क पूरी तरह बंद है. इसी तरह से सिक्किम डिकचु रोड, सिंगताम मक्खा रोड भी आंशिक रूप से बंद था. बाद में स्थिति सुधरने पर मलवा हटाने के बाद कुछ मार्ग खोले गए हैं. मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गंगटोक, गेजिंग, मंगल, नामची, पाकयोंग और सोरेंग जिलों में आज से 29 जून तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

इस सप्ताह के आखिर तक पहाड़ी इलाकों में और तेज बारिश हो सकती है. दार्जिलिंग कालिमपोंग आदि पहाड़ी क्षेत्रों में इस सप्ताह के आखिर तक लोगों को और भारी से भारी बारिश का सामना करना पड़ सकता है. इन इलाकों में भूस्खलन की भी चेतावनी दी गई है. लोगों से कहा गया है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहे. अगर आवश्यक नहीं हो तो यात्रा करने से बचें. इसी तरह से वाहन चालकों को भी सावधानी से वाहन चलाने की चेतावनी दी गई है.

सिलीगुड़ी से लेकर पूरे उत्तर बंगाल खासकर जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, दार्जिलिंग, मालदा आदि क्षेत्रों में भारी से भारी बारिश हो सकती है. यहां वर्ष का परिमाण 7 से 20 सेंटीमीटर तक बताया गया है. इसके अलावा लोगों को इन इलाकों में आंधी का भी सामना करना पड़ सकता है. मिली जानकारी के अनुसार इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है.

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर दिनाजपुर तथा दक्षिण दिनाजपुर के साथ ही मालदा जिले में गरज के साथ बिजली और उल्कापात की संभावना है. यहां तेज हवाओं के चलते कुछ इलाकों में नुकसान भी हो सकता है. वाहन चालकों के लिए मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार होने वाली वर्षा से दृश्यता में कमी आ सकती है. इसलिए सावधानी से वाहन चलाए. इसके अलावा जल भराव और जाम की भी समस्या का सामना करना पड़ सकता है.

पिछले कई दिनों से हो रही लगातार वर्षा के कारण सब्जी और बागवानी फसलों पर विपरीत असर पड सकता है. सब्जी फसलों को व्यापक नुकसान हो सकता है. विशेष रूप से चाय, इलायची, संतरा तथा विभिन्न तरह की सब्जियों की खेती को नुकसान पहुंच सकता है. किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने आपदा प्रबंधन तथा सरकारी एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है. लोगों से कहा गया है कि वे नदी नालों के पास न जाए. पिछले दिनों सिलीगुड़ी में नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई थी. नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिजली के ख॔बो से दूर रहे. अनावश्यक यात्रा से बचे तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी किए गए निर्देशों का पालन करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *