सिलीगुड़ी: शहर के कई निजी नर्सिंग होम में मंगलवार को आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, बर्धमान रोड, एसएफ रोड सहित शहर के विभिन्न निजी स्वास्थ्य संस्थानों में केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारियों ने एक साथ तलाशी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, लेखा-जोखा और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की गहन जांच की। यह तलाशी अभियान कई घंटों तक जारी रहा।
हालांकि, यह कार्रवाई किस शिकायत या किस मामले के आधार पर की जा रही है, इसे लेकर आयकर विभाग और ईडी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसियां संबंधित संस्थानों के वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की विस्तार से पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

