सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस अंतर्गत भक्ति नगर थाना क्षेत्र में करोड़ों रुपये के सोने की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोलकाता की कंपनी भारत गोल्ड एंड डायमंड्स एलएलपी की ओर से 5 मार्च 2026 को भक्ति नगर थाना मे लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत में बताया गया है कि कोलकाता आर्ट के प्रोपराइटर बरुण घोष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 316 और 318 के तहत आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। कंपनी की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि उनके क्लाइंट ओरिएंट जेम्स एंड ऑर्नामेंट्स प्राइवेट लिमिटेड से कंपनी को लगभग 3381.600 ग्राम 100 प्रतिशत शुद्ध सोना प्राप्त हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5,89,08,338 रुपये बताई गई है और इसे आगे प्रोसेसिंग तथा आभूषण निर्माण के लिए रखा गया था। शिकायत में कहा गया है कि नियमित व्यापारिक प्रक्रिया के तहत इस सोने को जॉब वर्क के लिए बरुण घोष, जो कि कोलकाता आर्ट के मालिक हैं, को सौंपा गया था और स्पष्ट समझौता था कि काम पूरा होने के बाद तैयार आभूषण या प्रोसेस किया हुआ सोना तय समय सीमा के भीतर कंपनी को वापस कर दिया जाएगा। कंपनी का आरोप है कि समय बीतने के बाद भी आरोपी ने सोना या तैयार आभूषण वापस नहीं किया और कई बार संपर्क करने, व्यक्तिगत मुलाकात करने तथा मांग करने के बावजूद उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी के पास 2448.805 ग्राम सोना, जिसकी शुद्धता लगभग 91.70 प्रतिशत बताई गई है, कंपनी की ओर से जॉब वर्क के लिए दिया गया था और इसकी अनुमानित कीमत करीब 3,91,01,074 रुपये है। कंपनी का कहना है कि आरोपी ने इस सोने के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और इससे यह संदेह होता है कि भरोसे में सौंपे गए सोने का दुरुपयोग किया गया है। शिकायत पत्र में आरोपी बरुण घोष के कई पते भी दर्ज किए गए हैं, जिनमें हावड़ा जिले के मकरदाहा स्थित कार्यालय का पता, सिलीगुड़ी के ज्योतिनगर स्थित कार्यशाला का पता, हुगली जिले का स्थायी निवास तथा वर्तमान में सिलीगुड़ी के ज्योतिनगर स्थित निवास का उल्लेख किया गया है।
शिकायत में कंपनी की ओर से पुलिस से अनुरोध किया गया है कि मामले में जल्द से जल्द प्राथमिकी दर्ज कर उचित जांच और कानूनी कार्रवाई की जाए। कंपनी ने यह भी कहा है कि वह जांच में सहयोग के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे डिलीवरी चालान, जॉब वर्क से संबंधित रिकॉर्ड, लेजर दस्तावेज और अन्य पत्राचार उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। दस्तावेज के अनुसार, शिकायत प्राप्त होने के बाद 10 मार्च 2026 को भक्ति नगर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। इस घटना को सिलीगुड़ी में सोने के कारोबार से जुड़ा एक बड़ा आर्थिक विवाद और कथित हेराफेरी का मामला माना जा रहा है, जिसकी जांच फिलहाल पुलिस कर रही है।

