August 22, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स Annapurna Bhandar good news newsupdate WEST BENGAL westbengal

अन्नपूर्णा का बजट 36000 से बढ़ाकर 48000 करोड़ करने की तैयारी! सितंबर में अन्नपूर्णा का पैसा किसे मिलेगा, जिन्हें अब तक पैसा नहीं मिला, वे क्या करें?

The Annapurna budget is set to increase from 36,000 crore rupees to 48,000 crore rupees! Who will receive the Annapurna funds in September? What should those who haven't received them yet do?

सिलीगुड़ी, कूचबिहार और राज्य के कई भागों में अलग-अलग महिलाओं द्वारा अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने के बाद किए गए धरना- प्रदर्शन और सरकारी बाबुओं का घेराव के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एक बड़ा फैसला किया है. पिछले तीन दिनों से सिलीगुड़ी की महिलाएं सिलीगुड़ी नगर निगम और एसडीओ ऑफिस में धरना प्रदर्शन कर रही हैं. उधर मंत्री अग्निमित्र पाॅल ने कहा है कि अन्नपूर्णा योजना में तृणमूल के लोग ही गड़बड़ी कर रहे हैं.

राज्य की महिलाओं के हित में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने एक बड़ा फैसला किया है.राज्य में महिला लाभार्थियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. 1.45 करोड़ से ज्यादा 1.66 करोड़ लाभार्थी महिलाएं हो चुकी है. और आगे भी उनकी संख्या बढ़ना तय है. 14 लाख आवेदनों की जांच चल रही है. इसे देखते हुए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अन्नपूर्णा का बजट 36000 से बढ़कर 48000 करोड़ कर दिया है.

अगस्त महीने की अन्नपूर्णा की राशि वितरित हो चुकी है. 1.45 करोड़ महिलाओं के खाते में राशि भेजी जा चुकी है लाभार्थियों के खाते में 17 अगस्त से पैसा वितरण का काम शुरू हुआ और 20 अगस्त को खत्म हो गया. हालांकि काफी महिलाओं ने अन्नपूर्णा की राशि प्राप्त कर ली है. लेकिन फिर भी खुद को योग्य बताने वाली महिलाओं को अन्नपूर्णा का पैसा नहीं मिला है.

मुख्यमंत्री ने ऐसी महिलाओं से अपील की है कि 20 अगस्त से अन्नपूर्णा का पोर्टल शुरू हो गया है. जिन महिलाओं को अन्नपूर्णा की राशि नहीं मिली है और अगर वह योजना की राशि पाने की सचमुच हकदार है तो उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. वे पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकती हैं या फिर ऐसी महिलाओं को थोड़ा इंतजार करने की जरूरत है.

मुख्यमंत्री ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा की महिलाएं घर घर जाकर योग्य और अयोग्य महिलाओं के बारे में पता करेंगी. जिन महिलाओं को अन्नपूर्णा का पैसा नहीं मिला है, महिला मोर्चा की सदस्याएं उनसे संपर्क करके उनका आईडी नंबर और शिकायत जमा करेंगी. उसके बाद उन्हें पैसा मिलना शुरू हो जाएगा.

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी कोलकाता स्थित धन-धान्य ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे. उन्होंने कहा कि 10 जुलाई तक प्राप्त आवेदनों का सत्यापन हो चुका है. अब तक 1.66 करोड़ आवेदनों का सत्यापन किया जा चुका है. 10 जुलाई से लेकर 31 जुलाई तक प्राप्त 14 लाख आवेदनों की जांच की जा रही है. यह जांच अगले महीने 30 सितंबर तक जारी रहेगी. वेरिफिकेशन के बाद योग्य महिलाओं को लाभार्थियों की सूची में शामिल किया जाएगा.

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपनी सरकार के संकल्प और महिला सशक्तिकरण की बात को दोहराते हुए कहा कि राज्य की सभी योग्य महिलाओं के खाते में हर महीने के दूसरे हफ्ते यानी 10 तारीख से लेकर 15 तारीख के बीच में अन्नपूर्णा का पैसा जमा कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सितंबर महीने का पैसा 10 तारीख से लेकर 15 तारीख के बीच जमा होगा. कोई भी पात्र महिला अन्नपूर्णा की राशि से वंचित नहीं रहेंगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा भंडार का बजट 36000 करोड रुपए है. लेकिन आवेदकों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है. अब तक 1.66 करोड़ आवेदक सत्यापित हो चुके हैं. इस स्थिति में राज्य का अन्नपूर्णा बजट 36000 करोड़ से बढ़कर 48000 करोड रुपए किया जाएगा. इसके लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर अन्नपूर्णा बजट की बढी हुई राशि को मंजूरी दी जाएगी.

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि हो सकता है कि कुछ धनी महिलाओं के खाते में अन्नपूर्णा की राशि जमा कर दी गई हो. उन्होंने ऐसी महिलाओं से अपील की है कि उन्हें आगे आने की जरूरत है. ताकि गरीब महिलाओं को इसका लाभ मिल सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि महिला मोर्चा की सदस्याएं इस बात की छानबीन करेंगी. लेकिन अच्छा होता कि धनी महिलाएं जिन्हें योजना की राशि प्राप्त हो रही है, इसका लाभ गरीब महिलाओं को देने के लिए आगे आती.

इस बीच अन्नपूर्णा भंडार का पोर्टल एक बार फिर से शुरू हो चुका है. इस पोर्टल पर लाभार्थी महिलाएं अपना स्टेटस देख सकती हैं. पोर्टल पर कुछ नए स्टेटस जोड़े गए हैं. जैसे स्टेटस ट्रेक, ऑब्जेक्शन क्लेम दो नए शब्द जोड़े गए हैं. महिलाएं अपना आईडी नंबर देकर क्लेम कर सकती हैं. उनके क्लेम की जांच के बाद उन्हें भी पात्र महिलाओं की सूची में शामिल कर लिया जाएगा.

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने महिलाओं से यह अपील की है कि कोई भी ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू करने के लिए सही पोर्टल का चयन करें. क्योंकि सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर साइबर ठगी की घटनाएं बढ़ गई है. ओटीपी शेयर करते समय पूरी सावधानी बरतें.

आपको बता दें कि अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत जून महीने से लाभार्थी महिलाओं के खाते में पैसा भेजने का काम शुरू हुआ. जुलाई महीने में एक करोड़ 20 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में राशि ट्रांसफर की गई. जबकि अगस्त महीने में 20 तारीख तक 1 करोड़ 45 लाख महिलाओं के खाते में योजना की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *