सिलीगुड़ी: ‘बिन पानी सब सून, जल है तो कल है, जल ही जीवन है’ अब सिलीगुड़ी वासी इन पंक्तियों के बजाय शहर की जल समस्या को देखकर ही जल के महत्व को समझ चुके हैं, क्योंकि सिलीगुड़ी के कई वार्ड है जो इन दिनों पेयजल की समस्या से जूझ रहें हैं | शहर वासी पानी पानी को तरस रहें हैं | बता दे कि, नगर निगम के 35 टैंकरों द्वारा शहर में जल आपूर्ति की जा रही है, लेकिन फिर भी ऐसे कई परिवार जिनके घरों में पानी नहीं है कल रविवार का दिन यानी छुट्टी का दिन और रविवार के दिन कामकाजी लोग देर से उठते हैं और अपने कामों को भी बड़े आराम से करने की योजना बनाते हैं, लेकिन रविवार के दिन जब सिलीगुड़ी के नलों में पानी नहीं पहुंचा, तो इससे लोगों के परेशानियां बढ़ गई , इतना ही नहीं आज सुबह भी पेयजल की समस्या जस की तस बनी हुई थी और लोगों की समस्या और भी गहरा गई |
जानकारी अनुसार सिलीगुड़ी के 2, 3 , 25, 31, 32 और 40 नंबर वार्ड इलाके में पेयजल की समस्या गहरी हो चली है | वहीं नगर निगम की ओर से बताया गया है कि, 35 पानी के टैंकरों से जलापूर्ति की जा रही है, जब तक वैकल्पिक समाधान नहीं निकलता तब तक इन्हीं टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी | सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा यह भी बताया गया है कि, जल संकट के स्थाई समाधान के लिए एक जलाशय का निर्माण किया जा रहा है लेकिन उसे पूरे होने में अभी 3 महीने लगेंगे | बता दे कि, तीस्ता नदी में गाद बढ़ने से शहर में जल संकट गहरा गया है | सिक्किम में लगातार बारिश होने के कारण भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई है और तीस्ता नदी में गाद की मात्रा इस कदर बढ़ गई है कि, जिससे जल आपूर्ति की व्यवस्था चरमरा गई है | फुलबाड़ी स्थित इंटक वेल जहां से तीस्ता का पानी शुद्ध कर सप्लाई किया जाता है | उसमें गाद के जमा होने से फिल्टरिंग प्रक्रिया में बाधा पहुंच रही है, इस कारण से ही शहर के कई इलाकों में रविवार जलापूर्ति बाधित रही और इतना ही नहीं आज भी इस समस्या से लोग जूझते दिखे |
सिलीगुड़ी शहर के अधिकांश वार्डो में नल जल सेवा ठप होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई है | शहर में बढ़ते जल समस्या को लेकर एमआईसी दुलाल दत्त ने बताया कि, सिक्किम में भूस्खलन के कारण तीस्ता के पानी में गाद बढ़ गई है, जो की इंटर वेल में जमा हो रहा है और इससे शुद्धिकरण प्रक्रिया में बाधा पहुंच रहा है, जब तक यह साफ नहीं होता समस्या बनी रहेगी और शहर वासियों की समस्या को देखते हुए ही टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है | वहीं जानकारी मिली है कि, आने वाले समय में जल संकट को दूर करने के लिए आठ नए गहरे ट्यूब वेल का निर्माण किया जाएगा और इस कार्य को जल्द ही आरंभ किया जाएगा |
देखा जाए तो लगातार हो रही बारिश के कारण तीस्ता नदी ने प्रचंड रूप धारण कर लिया है और लगातार पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं घटित हो रही है, जिसके कारण ही तीस्ता में गाद बढ़ने से शहर में जल संकट की समस्या भी गहरी होती जा रही है, लेकिन इस समस्या से शहर वासियों को छुटकारा दिलाने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है | सिलीगुड़ी नगर निगम के डिप्टी मेयर रंजन सरकार ने कहा कि, पिछले कुछ दिनों में सिक्किम और पहाड़ियों में भारी बारिश हुई है, जिसके कारण तीस्ता का जलस्तर बढ़ गया है, जिसके परिणामस्वरूप पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई है। हालांकि, पूरे निगम की ओर से शहर के विभिन्न वार्डों में 35 पानी के टैंकर उपलब्ध कराए गए हैं |
(अस्वीकरण : सभी फ़ोटो सिर्फ खबर में दिए जा रहे तथ्यों को सांकेतिक रूप से दर्शाने के लिए दिए गए है । इन फोटोज का इस खबर से कोई संबंध नहीं है। सभी फोटोज इंटरनेट से लिये गए है।)