दोस्तों से फोन पर बात करिए, नमस्ते या गुड मॉर्निंग कहने की जरूरत नहीं है. जय श्री राम कह देने से नमस्ते भी हो जाती है और आपका दिन भी बन जाता है. सनातनी परिवारों में आज जय श्री राम की गूंज सुनाई पड़ रही है. बड़े बुजुर्ग, छोटे बड़े, स्त्री-पुरुष, नौजवान, सबके मुंह में जय श्री राम!
सुबह-सुबह जय श्री राम सुनते ही मन में पवित्रता के साथ ही दिमाग में आध्यात्मिक शांति प्रवेश कर जाती है. प्रभु का नाम और अभिवादन दोनों ही एक साथ हो जाता है, तो सामने वाले को भी उतनी ही ज्यादा खुशी मिलती है. फोन करने वाला और फोन पर उत्तर देने वाला दोनों ही ताजगी और नई स्फूर्ति से भर उठते हैं. देखा जाए तो नमस्ते से भी ज्यादा कशिश जय श्री राम में निहित है.
घर में जब कोई बच्चा जय श्री राम कहता है, तो मां बाप को ऐसी खुशी मिलती है जैसे उनकी लॉटरी निकल गई हो. रिश्तेदार और परिचितों से बात करिए तो जय श्री राम! दफ्तर में बाबू से बात करिए तो जय श्री राम! पुलिस स्टेशन में रपट लिखाने जाना हो तो नमस्ते की जगह बड़ा बाबू को जय श्री राम कह सकते हैं! बैंक में मैनेजर क्लर्क आदि अधिकारी को जय श्री राम कहा जा रहा है. ऐसा लगता है कि जय श्री राम ने नमस्ते को अपने आवरण में ढक लिया है.
जय श्री राम के अभिवादन के साथ ही भगवान का नाम लेना अच्छी बात है. इसका लोगों को दोहरा लाभ मिल रहा है. एक तो भगवान का नाम भी हो जाता है और दूसरे में अभिवादन. और इस अभिवादन में नमस्ते से ज्यादा खुशी और पवित्रता सिमटी है. यह सब कमाल कर दिखाया है बंगाल में भाजपा की सुनामी ने, जिसने पूरे प्रदेश में जय श्री राम की एक नई कहानी लिख डाली है.
पहले जय श्री राम भाजपा का स्लोगन था. लेकिन अब यह अभिवादन का पर्याय बन गया है. सिलीगुड़ी में कोने-कोने में यह आवाज सुनाई पड़ेगी. चाहे आप किसी से फोन करिए या किसी का फोन सुनिए, पहला शब्द आम तौर पर जय श्री राम का ही होता है. अब नमस्ते कोई नहीं कहता है. अगर कोई नमस्ते कहता भी है तो उसे पलट कर जय श्री राम कहा जाता है.
बंगाल में भाजपा की सरकार क्या आई ,नमस्ते की जगह जय श्री राम की गूंज चारों तरफ होने लगी है. अब सुबह उठकर घर में या घर से बाहर जय श्री राम की गूंज सुनाई पडने लगी है. सड़कों पर जय श्री राम होने लगा है. अगर आप सामने वाले को जय श्री राम कहते हैं तो उसे अच्छा लगता है. प्रत्युत्तर में वह व्यक्ति भी जय श्री राम कहता है. इस तरह से नमस्ते और भगवान का नाम दोनों जय श्री राम से पूरा हो जाता है.
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश में सरकार बनने जा रही है. कोलकाता से लेकर राज्य के कोने कोने में जय श्री राम की गूंज सुनाई पड़ रही है. सनातनी लोगों में यह राजनीतिक स्लोगन अब सामाजिक आचार विचार और अभिवादन का स्लोगन बन गया है. आज राज्य सचिवालय के अंदर जय श्री राम की गूंज ने यह एहसास करा दिया है कि यहां भी जय बंगला की जगह जय श्री राम गूंजने वाला है.
आज नवान्न के अंदर राज्य सरकार के कर्मचारियों ने प्रशासनिक मुख्यालय में एकत्रित होकर जय श्री राम के नारों के साथ एक दूसरे का अभिवादन किया और भाजपा की नई सरकार बनने पर खुशी जताई. पिछले तीन दिनों से सिलीगुड़ी ही नहीं बल्कि पूरे राज्य और पूरे भारत में जय श्री राम की ही गूंज सुनाई पड़ रही है.
