May 19, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

इंटरनेट मीडिया पर ‘धमाल’ मचा रही कॉकरोच जनता पार्टी!

कॉकरोच जनता पार्टी नाम सुनते ही एक बारगी मन में हास्य व्यंग्य और परिहास की भावना उठती है. नाम सुनकर आपको लगता होगा कि यह एक मजाक के अलावा कुछ नहीं है. या फिर हास्य व्यंग्य का एक मंच है. परंतु यह ना तो हास्य व्यंग्य का कोई मंच है और ना ही बच्चों का कोई गेम है. आपकी कल्पना के विपरीत यह एक राजनीतिक प्लेटफॉर्म है, जिसे अभिजित दीप्के ने लांच किया है.

कॉकरोच जनता पार्टी इंटरनेट मीडिया पर धमाल मचा रही है. मात्र 72 घंटे में इसके एक लाख पंजीकृत सदस्य हो गए हैं. कुछ राजनेता भी कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्य बन गए हैं. इनमें टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के अलावा कीर्ति आजाद भी शामिल हैं. जब अभिजीत ने अपनी कल्पना को मंच प्रदान किया तो उन्होंने सोचा तक नहीं था कि इंटरनेट पर यह आते ही छा जाएगी. इंस्टाग्राम पर इसकी लोकप्रियता सारे मानदंडों को तोड़ती जा रही है.

आखिर कॉकरोच जनता पार्टी में है क्या और उसकी लोकप्रियता में लगातार इजाफा क्यों होता जा रहा है? आखिर लोग इसे क्यों पसंद कर रहे हैं? क्या भारत में राजनीतिक पार्टियों का अभाव हो गया है? ऐसा भी नहीं है. आज के समय में जहां बड़े-बड़े राजनीतिक दल लोगों को पार्टी से जुड़ने के लिए अभियान चलाते हैं, वहीं दूसरी तरफ कॉकरोच जनता पार्टी से लोग स्वतः जुड़ते जा रहे हैं.

जब आप इसका कारण जानेंगे तो आपका भी मन डोलने लगेगा. चाहे आप किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हो या नहीं जुड़े हो. जो लोग इस पार्टी से जुड़े हुए हैं, उनका कहना है कि यह उन लोगों की आवाज है, जिन्हें सिस्टम ने नजर अंदाज कर दिया है. इस पार्टी की वेबसाइट पर भी इसे एक ऐसे मंच के रूप में पेश किया गया है जो बेरोजगार और उपेक्षित लोगों की बात करती है. पार्टी की टैगलाइन भी लोगों का ध्यान खींच रही है.

हालांकि इससे जुड़ने वाले लोग पहले इसे एक व्यंग्य या हास्य परिहास के रूप में ही लेते हैं. लेकिन एक बार जुड़ने के बाद व्यक्ति के विचार और प्रतिक्रिया दोनों ही बदल जाते हैं. दूसरे राजनीतिक दलों की तरह कॉकरोच जनता पार्टी के अपने घोषणा पत्र भी हैं. घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए 50% आरक्षण के अलावा मीडिया की निष्पक्षता, दल बदलने पर सख्त कदम समेत कई मुद्दों को शामिल किया गया है. पार्टी के घोषणा पत्र में लोगों से बार-बार इसे पढ़ने और अपने विचारों को दूसरों तक पहुंचाने की अपील की गई है.

इंटरनेट मीडिया पर कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर अच्छे रिस्पॉन्स आ रहे हैं. इसके अनुसार यह एक ईमानदार पार्टी है. कुछ ने टिप्पणी की है कि यहां वादे कम और व्यंग्य ज्यादा है. हर लोग के अपने-अपने विचार हैं. महुआ मोइत्रा और कीर्ति आजाद को जरूर यह पार्टी भा गई है. इस पार्टी में क्या खास है और इस पार्टी से लोग क्यों जुड़ रहे हैं, यह तो पता नहीं. परंतु इंटरनेट के दौर में कोई भी अनोखी चीज तुरंत वायरल हो जाती है.

कुछ लोग यह भी कहते हैं कि नेपाल के जेन जेड आंदोलन की तरह ही यह पार्टी है जो भारत का भविष्य सवार सकती है. बताया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी नाम रखने के पीछे एक टिप्पणी जिम्मेदार है, जो सोशल मीडिया पर बहस का कारण बन गया. आम आदमी पार्टी के पूर्व सोशल मीडिया कार्यकर्ता अभिजीत के दिमाग में तब एक नया विचार सामने आया और उन्होंने इस पूरे मुद्दे को व्यंग्यात्मक रूप से परोसते हुए कॉकरोच जनता पार्टी नाम दे दिया

अब यह इंटरनेट पर तेजी से ट्रेंड करने लगा है. अब यह देखना होगा कि यह एक मजाक की पार्टी बनकर रह जाती है या इसमें कोई नया मोड़ सामने आता है. इस पर हमारी नजर बनी रहेगी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *