August 3, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

क्या आप सिलीगुड़ी में घर बनाने जा रहे हैं? सरकार के नए नियम जान लें!

पश्चिम बंगाल सरकार जैसे हर दिन नए-नए कदम उठा रही है. इस बार बंगाल सरकार का ध्यान सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल को नशा मुक्त, पूर्ण विकास और उसे नया लुक देने पर है. सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल में नशे का कारोबार और युवाओं में नशे का बढ़ता रुझान जोर पकड़ रहा है. आने वाले दिनों में उत्तर बंगाल में नशे के खिलाफ जोरदार एक्शन देखने को मिलेगा. सरकार समाज के हर वर्ग को साथ लेकर यह काम करने जा रही है.

इनमें परिवार, शिक्षण संस्थान और सामाजिक संगठन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. कूचबिहार स्मार्ट सिटी बनने जा रहा है. जलपाईगुड़ी शहर में भी नए बदलाव दिखेंगे. सिलीगुड़ी का तो कायाकल्प ही होने जा रहा है. शिव मंदिर नगर पालिका बनेगा, तो डाबग्राम फुलवारी भी नगर पालिका बनाया जा सकता है. उत्तर बंगाल के पांच शहरों को पहले ही हिमालयन हिल सिटी के रूप में विकसित करने की बात सरकार कह चुकी है.

सिलीगुड़ी समेत पहाड़ के शहरों को पर्यटन एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाएगा. सिलीगुड़ी और विभिन्न स्थलों में 1 सितंबर से इको फ्रेंडली वेंडिंग मशीन भी लगाई जा रही है. इन मशीनों से ₹1 का भुगतान कर लोग मक्का और अनानास के रेशों से बने थैले प्राप्त कर सकेंगे. प्लास्टिक पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह मशीन लगाई जा रही है.अगर आप मशीन में प्लास्टिक की बोतल डालते हैं तो आपको कार्टून का बैग प्राप्त होगा.

केवल इतना ही नहीं, सरकार के पिटारे में और भी बहुत कुछ है, जो एक-एक करके निकल कर सामने आ रहा है. मंदिरों में फूल बेलपत्र आदि आप भगवान को चढ़ाते हैं, वे सब बाद में साफ सफाई के दौरान बाहर फेंक दिए जाते हैं.इन सबसे धूपबत्ती और अबीर बनाया जाएगा. सबसे महत्वपूर्ण और अहम घोषणा सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर नगर पालिका विकास मंत्री अग्निमित्र पाॅल ने गृह निर्माण को लेकर की है, जो 1 सितंबर से ही लागू हो जाएगी.

अब तक आप अपने हिसाब से भवन निर्माण करते रहे हैं. आमतौर पर भवन निर्माण करते समय लोग सड़कों पर ही बालू, बजरी, ईंट, पत्थर आदि गिरा देते हैं. आते जाते लोगों अथवा रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को असुविधा होती है. अगर घर मालिक से शिकायत करो, तो वे सीना ठोक कर कहते हैं, क्या कर लोगे, मेरा सामान है. सड़क मेरे बाप का है. सड़क पर नहीं रखूं तो क्या घर में रखूं? ऐसे मामलों में प्रशासन भी ज्यादा कुछ नहीं कर पता है खामोश बना रहता है लेकिन अब यह सब नहीं चलेगा

प्रशासन को एक्शन लेने को कह दिया गया है . सड़क को अपने बाप की सड़क जैसी मानसिकता रखने वाले घर मालिक को चेत जाने की जरूरत है. आप घर बनाएं लेकिन प्रशासन के गाइडलाइंस के अनुसार ही बनाएं . गृह निर्माण से पहले गृह निर्माण सामग्री रखने की व्यवस्था अपनी जमीन में ही करनी होगी. ना कि सड़क पर. अगर आप ऐसा नहीं करते हैं तो आपके खिलाफ पुलिस और प्रशासन में शिकायत और आपके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा सकती है. यह सब अगले महीने यानी 1 सितंबर से होने जा रहा है. पश्चिम बंगाल सरकार घर निर्माण, स्वास्थ्य और खाली जमीन को लेकर कई तरह के कदम उठाने जा रही है.

इसी तरह से बहुत से लोग जमीन खरीद कर छोड़ देते हैं. 10-15 साल के बाद जमीन पर मकान बनाना शुरू करते हैं. लेकिन उससे पहले जमीन को परती रखा जाता है, जहां बड़े-बड़े जंगल, जल जमाव, गड्ढे आदि जम जाते हैं. गंदगी और जल जमाव के कारण यहां डेंगू के मच्छर पनप सकते हैं, जो पड़ोसियों को प्रभावित कर सकते हैं. अगर आपका सिलीगुड़ी या आसपास में कोई प्लॉट हो और वह खाली प्लॉट हो तो कम से कम प्लॉट की साफ सफाई करवा लें. अन्यथा 1 सितंबर के बाद जमीन मालिक के खिलाफ जुर्माना लगाया जा सकता है.

आने वाले कुछ दिनों में सिलीगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कई तरह के बदलाव होने जा रहे हैं. नियमों से लेकर भौतिक बदलाव भी शामिल हैं. सिलीगुड़ी में अब तक बाइक चालक या कार चालक निर्धारित पार्किंग स्थल का ध्यान नहीं देते हैं और जहां खाली सड़क या जगह मिले तो वहीं गाड़ी पार्क कर देते हैं. 1 सितंबर से यह सब नहीं चलने वाला है. गाड़ी केवल निर्धारित स्थलों पर पार्क करना होगा. इसी तरह से फुटपाथ पर कार या बाइक खड़ी करते हैं तो पकड़े जाने पर जुर्माना भरने के लिए रहिए तैयार!

हमारे फुटकर विक्रेता हाॅकर भाई, जो फुटपाथ पर ही कब्जा करके बैठे हैं और सालों से अपनी दुकानदारी चला रहे हैं, पिछली सरकार ने इन हाॅकर्स को उठाने के लिए प्रयास तो किए थे, लेकिन वह काफी नहीं था. अब राज्य की भाजपा सरकार फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करने जा रही है. पूजा के बाद सरकार कठोर कदम उठाएगी. पूजा से पहले हाॅकर्स अपनी दुकानदारी पहले की तरह ही चला सकते हैं. लेकिन पूजा के बाद उन्हें यह अवसर नहीं मिलेगा. इसलिए उन्हें अभी से ही वैकल्पिक व्यवस्था की ओर अग्रसर हो जाना चाहिए.

देखा जाए तो सरकार के उठाए जाने वाले कई कदम सराहनीय कहा जा सकता है. इन कदमों से ट्रैफिक नियंत्रण, पर्यावरण में सुधार, स्वच्छता तथा साफ सफाई, अनुशासन और स्थान को एक नया लुक दिया जा सकता है. सिलीगुड़ी के लोगों का कहना है कि राज्य सरकार ने सड़कों पर बालू बजरी आदि निर्माण सामग्री पर रोक लगाकर एक अच्छी पहल की है.

अगर आप 1 सितंबर के बाद भवन निर्माण का कार्य कर रहे हैं तो ध्यान रखिएगा कि बालू बजरी, सीमेंट,ईट आदि कोई भी सामान सड़क पर ऐसी स्थिति में ना हो ताकि आवागमन या ट्रैफिक बाधित हो. इस तरह से यह कहा जा सकता है कि अगर सरकार ने अपनी कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं रखा तो, आने वाले दिनों में सिलीगुड़ी समेत पूरे उत्तर बंगाल का एक नया जलवा देखने को मिलेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *