May 18, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा! वर्धमान रोड फ्लाईओवर के लोकार्पण की तैयारी!

आज सिलीगुड़ी और खासकर बर्दवान रोड झंकार में रहने वाले लोगों की खुशी का ठिकाना ना रहा, जब उन्होंने फ्लाईओवर पर ट्रायल रन को सफलतापूर्वक संपन्न होते देखा. काफी समय से फ्लाईओवर के लोकार्पण की बाट देख रही सिलीगुड़ी की जनता को आज के ट्रायल रन को देखने के बाद विश्वास हो गया है कि वर्धमान रोड फ्लाईओवर के उद्घाटन की घड़ी आ चुकी है. आम लोगों से लेकर वाहन चालकों और सभी वर्गों में व्यापक उत्साह देखा गया.

सिलीगुड़ी के बर्दवान रोड पर बने फ्लाईओवर निर्माण का काम पूरा हो चुका है.अब सिर्फ उद्घाटन का इंतजार है. बंगाल में नई भाजपा सरकार के आते ही धडाधड फैसले होने शुरू हो चुके हैं. काफी समय से वर्धमान रोड फ्लाईओवर को शुरू करने की बात कही जा रही थी. हाल ही में सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने सिलीगुड़ी के लोगों को आश्वस्त किया था कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मिलकर इस विषय में बात करेंगे.

और आज फ्लाईओवर पर ट्रायल रन के साथ ही इसका संकेत मिल रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में बर्दवान रोड फ्लाईओवर पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा. इस फ्लाईओवर का उद्घाटन मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी करेंगे या उनके अधीनस्थ मंत्री या दार्जिलिंग के भाजपा सांसद राजू बिष्ट, यह तो स्पष्ट नहीं हो सका है. परंतु इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले कुछ ही दिनों में यह ओवर ब्रिज चालू हो जाएगा. सूत्र तो यही बता रहे हैं कि इसी महीने में फ्लाईओवर का अनावरण कर दिया जाएगा.

आज सिलीगुड़ी के डीसीपी ने बताया कि फ्लाईओवर पर ट्रायल रन का काम सफलता पूर्वक पूरा हो चुका है. वास्तव में ट्रायल रन की प्रक्रिया तब होती है जब कार्य या निर्माण के बाद उद्घाटन से पहले यह देखा जाता है कि इसमें और कुछ सुधार या व्यवस्था में कोई कमी तो नहीं रह गई है. जैसे फ्लाईओवर को ही ले लीजिए. ट्रायल रन के जरिए सिग्नल व्यवस्था, गाड़ियों के आवागमन के लिए स्पेस की गुंजाइश, अन्य तकनीकी त्रुटियों को दूर करने सहित अधूरे कार्य को पूरा करना होता है, ताकि अनावरण के बाद किसी तरह की कोई समस्या उत्पन्न ना हो.

डीसीपी ने बताया कि सिलीगुड़ी के पुलिस कमिश्नर तथा राज्य सरकार की निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार आज वर्धमान रोड फ्लाईओवर पर ट्रायल रन सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया है. इसका मतलब यह है कि आने वाले कुछ दिनों में ही वर्धमान रोड फ्लाईओवर वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा.

आपको बताते चलें कि वर्धमान रोड में झंकार मोड़ से लेकर एयरव्यू मोड तक ट्रैफिक पर नियंत्रण के लिए पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार ने वर्धमान रोड पर प्लाईओवर बनाने का फैसला किया था. तत्कालिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसका शिलान्यास भी किया. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार के रहते हुए ही वर्धमान रोड फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया था. लेकिन इससे पहले कि इसका उद्घाटन ममता बनर्जी के हाथो होता, उनकी सरकार ही चली गई. और यह सौभाग्य उनके हाथ न लगा. अब मौजूदा भाजपा सरकार यह पुनीत कार्य करने जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *