July 18, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

दिनदहाड़े व्यवसायी के अपहरण से हड़कंप! कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल!

युवा व्यवसायी अनवारुल की शहर के बाजार में स्टील ग्रिल की दुकान थी. वह उस समय अपनी दुकान पर स्टील ग्रील के काम में मशगूल थे कि तभी टाटा सूमो मॉडल की एक गाड़ी तेजी से आती हुई दुकान के आगे एकदम फिल्मी अंदाज में रुक गई. गाड़ी का दरवाजा खुला. गाड़ी से दो-तीन लोग उतरे और अनवारुल की ओर बढ़े. इससे पहले कि अनवारुल और वहां आसपास खड़े लोग कुछ समझ पाते, उन अजनबी लोगों ने अनवारुल को पकड़ा और टाटा सुमो गाड़ी की खिड़की के रास्ते गाड़ी के अंदर डाल दिया और उसके बाद वहां से फरार हो गए.

यह घटना सिलीगुड़ी से सटे उत्तर दिनाजपुर जिले के करणदिघी थाना क्षेत्र के बोतलबाड़ी इलाके में 14 जुलाई की शाम घटी थी. 2 दिन इंतजार करने के बाद जब 16 जुलाई तक व्यवसायी का पता नहीं चला तब घर के लोगों ने पुलिस से संपर्क किया. पुलिस ने मामला दर्ज करके उसकी छानबीन शुरू कर दी है. रायगंज में यह घटना सुर्खियों में है. क्योंकि इस घटना को लेकर एक तरफ कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं तो दूसरी तरफ अपहृत युवा व्यवसायी अनवारुल के बारे में अब तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है. ना ही अपहर्ताओं की तरफ से उनके परिवार को कोई फोन कॉल आया है.

हालांकि करनदिघी थाना की पुलिस व्यवसायी का पता लगाने में जुटी हुई है. सीसीटीवी फुटेज से लेकर परिवार के सदस्यों के बयान और दूसरे सबूत को जुटाया जा रहा है. इसके साथ ही फोन डिटेल्स की भी छानबीन की जा रही है. गाड़ी का पता चल गया है. टाटा सुमो की गाड़ी का नंबर प्लेट बिहार का था. यानी अपहर्ता बिहार से आए हुए थे. पहली नजर में पुलिस को यह बिहार के किसी खतरनाक अपराधी गैंग की वारदात नजर आ रही थी, जो फिरौती के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देता है. इसी तरह के लोग ही दिनदहाड़े ऐसे कांड को अंजाम देते हैं.

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं और कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. लेकिन जब पुलिस ने मामला दर्ज करके इसकी छानबीन शुरू की तो कुछ बातें सामने आई. इसके बाद करनदिघी थाना की पुलिस ने मामले की जांच की दिशा बदल दी. पुलिस का अनुमान है कि व्यवसायी के अपहरण में उसके ससुराल के लोग शामिल हो सकते हैं. हालांकि करनदिघी थाना की पुलिस दूसरे एंगल से भी घटना की जांच कर रही है और व्यवसायी का पता लगाने में जुटी हुई है.

पुलिस की प्रारंभिक जांच और घर वालों के बयान के बाद पुलिस को लगता है कि व्यवसायी का अपहरण करके उसे बिहार ले जाया गया होगा. रायगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर ग्राम पंचायत निवासी अनवारुल आलम का कुछ साल पहले बिहार के कचना थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुचीडांगी के रहने वाले मूसा अली की बेटी रेशमा खातून से निकाह हुआ था. कुछ दिनों तक रेशमा खातून ससुराल में रही. उसके बाद वह अपने मायके चली गई. मायके में उसने एक पुत्र को जन्म दिया. पुत्र के जन्म के बाद रेशमा खातून के ससुराल वालों ने बहू को घर बुलाने के लिए फोन करना शुरू कर दिया.

बाप और दादा बनने की कितनी खुशी होती है, यह अनवारुल तथा उसके पिता रफीकूल आलम की शिशु को देखने की दीवानगी से ही पता चल जाता है. जब रफीकुल आलम ने बहू की विदाई के संबंध में उसके मायके वालों से बात की तो उन्होंने मना कर दिया. इसके बाद अनवारुल ने रेशमा से बात की तो रेशमा ने ससुराल जाने से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों परिवार में विवाद बढ़ा. धीरे-धीरे यह मामला कोर्ट कचहरी की ओर बढ़ने लगा. लेकिन उससे पहले पंचायत और आपसी सहमति के द्वारा समाधान ढूंढने का तरीका अपनाया गया.कई बार उन दोनों परिवारों के बीच बैठक भी हुई. लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला.

दरअसल रेशमा खातून ने साफ मना कर दिया कि वह दोबारा ससुराल नहीं जाएगी और अपने पति से अलग रहकर भरण पोषण की मांग करेगी. इस संबंध में भी दोनों पक्षों की ओर से कई बार बैठक हुई. विवाद 2 लाख को लेकर चल रहा था. मामला तब बिगड़ गया जब रेशमा खातून को विधिवत रूप से तलाक दिए बगैर अनवारुल ने दूसरी शादी कर ली. इसकी सूचना रेशमा खातून के घर वालों को मिली. इसी के बाद ही अनवारुल के अपहरण का यह मामला सामने आया. पुलिस जांच में पता चला है कि 14 जुलाई की शाम बिहार से कुछ लोग टाटा सुमो से बोतलबाड़ी पहुंचे थे और उसका अपहरण करके ले गए.

पुलिस को लगता है कि अनवारुल के अपहरण में उसकी ससुराल के लोगों का काम हो सकता है. बंगाल पुलिस ने बिहार पुलिस से भी संपर्क साधा है.लेकिन अभी तक यह पता नहीं चला है कि अनवारुल को वहां लाया गया था या नहीं. पुलिस का एक अनुमान यह भी है कि कहीं अनवारुल ने झूठ बोलकर दूसरा निकाह ना किया हो और जब उसके पहले से शादीशुदा होने का पता उसकी दूसरी बीवी को चला होगा तो उसके घर वाले भी उसे सबक सिखाने के लिए उसका अपहरण कर सकते हैं. बहर हाल पुलिस व्यवसायी को ढूंढने के लिए हाईटेक तरीका अपनाने में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *