July 17, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

DOOARS की हैरान कर देने वाली सनसनीखेज घटना! पत्नी की हत्या पति ने की, तो पति की हत्या किसने की?

सिर्फ दो दिनों में ही एक परिवार खत्म गया. 15 जुलाई को पत्नी की हत्या हुई थी. पति ने ही पत्नी को मारकर जंगल में उसका शव फेंक दिया था और इसके बाद वह पुलिस के डर से फरार हो गया था. लेकिन अगले दिन यानी 16 जुलाई को मोराघाट जंगल में एक पेड़ से लटकता उसका शव पुलिस ने बरामद किया, जब पुलिस पत्नी की हत्या के आरोप में आरोपी पति को जंगल में ढूंढ रही थी. उसकी हत्या की गई थी. अब सवाल है कि पति की हत्या किसने की? किसने उसकी हत्या करके उसका शव पेड़ पर लटका दिया था?

पुलिस इस दोहरे हत्याकांड की जांच में जुटी हुई है. पति ने पत्नी की हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया था और इसीलिए वह फरार चल रहा था. लेकिन अगले दिन जब उसकी तलाश में पुलिस ने चप्पा चप्पा छान मारा तो उसकी लाश बरामद की गई. यह पुलिस के लिए कम हैरानी की बात नहीं थी. आखिर पति का हत्यारा कौन है? चलिए आपको यह पूरा मामला समझाते हैं.

Dooars इलाके में मोराघाट जंगल से 38 वर्षीया महिला चुमकी का पुलिस ने रक्त रंजित शव बरामद किया था. यह इलाका गयरकाटा के अंतर्गत आता है. पुलिस ने चमकी की लाश को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जब इस घटना की पुलिस की पड़ताल आरंभ हुई तो पता चला कि पति विमल और पत्नी चुमकी का दांपत्य जीवन अच्छा नहीं था. दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे.घटना के दिन भी उन दोनों के बीच झगड़ा हुआ.

उसके बाद विमल की पत्नी चुमकी अपने घर से निकल गई. चुमकी के पीछे विमल भी घर से निकल गया. दोनों गयरकाटा के अंतर्गत मोराघाट जंगल में पहुंच गए. यहां एक बार फिर से दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ. वहां आसपास में कुछ लोग जा रहे थे. उन्होंने पति-पत्नी को लड़ते झगड़ते देखा था. उन्होंने दंपति को न केवल लड़ते देखा बल्कि स्त्री का खून से लथपथ शव भी देखा था और उन्होंने ही इस मामले की जानकारी पुलिस को दी थी.

दरअसल पति विमल ने गुस्से में आकर धारदार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी थी और उसके बाद जब उसका गुस्सा ठंडा हुआ तो वह प्रायश्चित करने लगा. उसने पत्नी की हत्या का अपराध स्वीकार करते हुए अपने बेटे के मोबाइल पर एक व्हाट्सएप वॉइस मैसेज भेजा, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने चुमकी की हत्या कर दी है.पुलिस किसी भी समय उसे गिरफ्तार करने के लिए घर पर पहुंच सकती है. इसलिए वह फरार हो गया है.

पुलिस ने विमल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर विमल की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने उसकी तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया. जंगल में विमल की तलाशी के क्रम में ही पुलिस को एक पेड़ से उसका शव फंदे से लटकता मिला. शिनाख्त में इस बात की पुष्टि हो गई कि उक्त शव विमल का था. पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया.

पहले तो पुलिस को लगा कि विमल ने आत्महत्या कर ली हो. लेकिन प्रारंभिक शव की जांच और परिस्थितिजन्य हालातो को देखते हुए ऐसा नहीं लग रहा था कि उसने आत्महत्या की थी. फिर उसकी हत्या किसने की? पुलिस को विमल के बेटे पर संदेह हुआ. लिहाजा पुलिस ने उससे पूछताछ के लिए उसे थाने बुलाया. विमल का बेटा निर्दोष था. अत: पुलिस ने उसे वापस घर भेज दिया. अगर विमल की हत्या उसके बेटे ने नहीं की तो फिर उसका हत्यारा कौन है?

पुलिस ने विमल के पड़ोसियों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी. जांच के क्रम में पुलिस को पता चला कि चुमकी राय का असली नाम रूपा राय है. उसका कथित रूप से 40 वर्षीय सनातन राय के साथ अवैध संबंध था. जांच के क्रम में पुलिस को यह भी पता चला कि दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर होने वाले लड़ाई झगड़े का कारण भी सनातन राय था. लोगों से मिली जानकारी के बाद पुलिस अधिकारियों का माथा ठनका और उन्होंने इस घटना की जांच की दिशा में एक और पहलू को शामिल कर लिया.

पुलिस को लगा कि हो सकता है कि सनातन राय ने विमल राय की हत्या की हो. क्योंकि अगर लोगों के अनुसार चमकी और सनातन राय के बीच अवैध संबंध थे, तो ऐसी स्थिति में सनातन राय चुमकी की हत्या का बदला विमल को मार कर ले सकता है. पुलिस का शक सनातन राय पर इसलिए बढ़ गया है कि सनातन राय फरार चल रहा है. पुलिस ने सनातन राय की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है. सनातन राय की गिरफ्तारी के बाद ही यह पता चलेगा कि विमल राय का असली हत्यारा कौन है?

फिलहाल गयरकाटा और आसपास के इलाकों में इस दोहरे हत्याकांड ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है. 15 जुलाई को रूपा राय का शव बरामद हुआ था और 16 जुलाई को उसके पति विमल राय की भी लाश बरामद हो गई. इन घटनाओं ने इलाके के लोगों में एक अजीब सी सनसनी और दहशत पैदा कर दी है.

स्थानीय लोगों में भय, चिंता बनी हुई है. इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की सघनता से जांच की जा रही है. पुलिस आगे की कार्यवाही करने से पहले सनातन राय की गिरफ्तारी तथा उन दोनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *