July 16, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स incident newsupdate sad news shocking

अवैध संबंध और अंधविश्वास की हिला देने वाली बागडोगरा की सनसनीखेज घटना! ‘तांत्रिक प्रेमी में जन्नत ढूंढती पत्नी’!

A shocking incident involving illicit relationships and superstition in Bagdogra! 'Wife finds paradise in tantric lover'!

जब किसी घर या परिवार में पति-पत्नी के बीच तीसरा आ जाए या पति या पत्नी के पर पुरुष या पराई स्त्री से अवैध संबंध बन जाए या फिर परिवार में अंधविश्वास का बोलबाला हो तो यकीन मानिए कि घर परिवार की बर्बादी तय है. घर परिवार में कलह, चिंता, दुख और परेशानी लगी रहेगी. घर से हमेशा के लिए लक्ष्मी रूठ जाएगी. यह कोई सुनी सुनाई बातें नहीं है. बल्कि आदि काल से यह प्रमाणिक रूप से चला आ रहा है.

वर्तमान में विज्ञान का तेजी से विकास हुआ है. जब विज्ञान नहीं था तो अंधविश्वास समाज में व्याप्त था. भारत के सुदूर पूर्वी इलाकों में आज भी अंधविश्वास परिवारों में हावी है. किसी समय बंगाल में अंधविश्वास जड़े जमा चुका था.आज विज्ञान की प्रगति के साथ इसमें कमी आई है. पर आज भी बस्ती इलाकों में जहां शिक्षा और विकास की रोशनी नहीं पहुंची है, वहां अंधविश्वास आज भी जड़ जमा चुका है. आज आपको खबर समय एक ऐसे ही अंधविश्वास और अवैध संबंध की सच्ची घटना की दास्तान बता रहा है, जो आपके रोंगटे खड़े कर देगा.

यह कहानी एक तांत्रिक की है, जिसने एक महिला को फंसा कर महिला को उसके पति से ही न केवल दूर किया, बल्कि महिला को अपने सम्मोहन जाल में फंसा कर उसे अपने ही पति की हत्या के लिए तैयार किया और पत्नी के हाथों पति का कत्ल करवा दिया. चलते हैं इस घटना की पृष्ठभूमि में. आपको याद होगा कि कुछ ही दिनों पहले सिलीगुड़ी के निकट हंसखोआ चाय बागान में पुलिस ने एक सिरकटी लाश बरामद की थी. अब बागडोगरा थाना की पुलिस ने उसके रहस्य की गुत्थी सुलझा ली है और हत्या के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार करके रिमांड पर लिया है.

बागडोगरा थाना पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश, आरोपियों से पूछताछ और अब तक प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर इस घटना की पृष्ठभूमि में अवैध संबंध और अंधविश्वास का एक खौफनाक ताना बाना एक तांत्रिक है, जिसने एक हंसते खेलते परिवार और पति-पत्नी को हमेशा के लिए न केवल अलग कर दिया, बल्कि पति को मौत के घाट उतार दिया. सिलीगुड़ी के सीमांचल बिहार के किशनगंज जिले के पोठिया का रहने वाला इमाम खुआ अपनी पत्नी के साथ सुखी पूर्वक रहता था.

इमाम खुआ मेहनत मजदूरी करता था. पेशे से दिहारी मजदूर इमाम सीधा साधा और मेहनती युवक था. वह जो कमाकर लाता था, शाम को अपनी पत्नी के हवाले कर देता था. वह अपनी पत्नी पर जान छिड़कता था. हालांकि इमाम की पत्नी, पति को कितना चाहती थी अथवा उससे कितना प्यार करती थी, यह तो इस घटना से ही पता चल जाता है. बताया जा रहा है कि इमाम की पत्नी अपने पति के सीधेपन को पसंद नहीं करती थी. उसकी नजर में उसका पति एक गंवार था.

हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है कि आरंभ में इमाम और उसकी पत्नी के बीच मधुर संबंध थे और दोनों ही खुश थे. लेकिन जब से इमाम की पत्नी एक तांत्रिक के करीब आई,तभी से वह अपने पति से दूर-दूर रहने लगी. कुछ लोग यह भी बताते हैं कि इमाम की पत्नी को एक संतान की चाहत थी. इमाम पत्नी की लालसा पूरी न कर सका तो वह तांत्रिक के करीब आई थी. तांत्रिक ने इमाम की पत्नी का गोद भरने की आड़ में उसके साथ नाजायज शारीरिक संबंध बना डाला. और फिर उसे अपने सम्मोहन जाल में फंसा लिया.

यूं तो तांत्रिक इमाम की पत्नी की समस्या का समाधान करने आया था. लेकिन उसने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा कर उसके साथ नाजायज रिश्ता बना चुका था. एक बार दोनों में नाजायज रिश्ता क्या बना, दोनों ही एक दूसरे के करीब आते चले गए. इमाम सुबह घर से खाना खाकर काम पर निकल जाता तो देर शाम को घर लौटता था. दिन में तांत्रिक उसके घर आ जाता था. फिर तांत्रिक और इमाम की पत्नी घर में बंद होकर एक दूसरे में खो जाते थे. पिछले काफी समय से ऐसा ही चल रहा था. एक बार पड़ोसियों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया तो उन्होंने इमाम को यह बात बता दी.

कहते हैं कि इमाम ने इस बात को लेकर तांत्रिक और अपनी पत्नी के साथ काफी झगड़ा किया और तांत्रिक को अपने घर आने पर रोक लगा दी. उसने अपनी पत्नी को भी फटकारा और तांत्रिक से दूर रहने के लिए कहा. इमाम ने काफी कोशिश की कि उसकी पत्नी और तांत्रिक का रिश्ता खत्म हो जाए. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. अवैध संबंधों का नशा सर चढ़कर बोलता है. तांत्रिक और इमाम की पत्नी को लगा कि इमाम उनके रास्ते का कांटा बन रहा था. दोनों ने इस कांटे को हटाने का फैसला कर लिया.

एक दिन तांत्रिक ने इमाम की हत्या की खौफनाक साजिश रची. इसी साजिश के तहत इमाम की पत्नी ने अपने दो रिश्तेदारों समेत चार लोगों के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतार दिया. ताकि पुलिस इमाम की शिनाख्त ना कर सके, पत्नी ने अपने पति के सर को उसके धड़ से अलग कर दिया. इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद इमाम की पत्नी तथा अन्य आरोपियों ने उसकी लाश को वहां से काफी दूर हंसखोआ चाय बागान में ठिकाने लगा दिया. जहां से बागडोगरा थाना की पुलिस ने लाश बरामद की और दो दिनों के अंदर ही सिरकटी लाश की गुत्थी को सुलझा लिया.

इस भयानक घटना ने बागडोगरा और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश करके रिमांड पर लिया है, जहां उनसे कडी पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए हर वैज्ञानिक और तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है. सिलीगुड़ी से लेकर बागडोगरा और सीमांचल इलाके में यह घटना सुर्खियों में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *