कल्पना (कल्पित नाम) अपने घर में बैठी अपने नन्हे मुन्ने को गोद में लेकर खिला रही थी. तभी वहां राहुल पहुंचा, जिसे देखकर कल्पना नफरत और गुस्से से भर उठी. उसने राहुल से चीखते स्वर में कहा, मक्कार आदमी! तुम यहां क्या लेने आए हो? फौरन मेरे घर से निकल जाओ. वरना पुलिस को बुला लूंगी. राहुल बोला, तुम मेरी बीवी हो. तुम पर मेरा अधिकार है. पुलिस क्या करेगी? यह मियां बीवी का मसला है. मैं तुम्हें लेने के लिए आया हूं. लेकिन कल्पना ने राहुल को दो-टूक शब्दों में कहा कि वह उसके साथ नहीं जाएगी और ना ही वह उसे अपना पति मानती है.
रात में राहुल एक बार फिर कल्पना के घर पहुंचा. उस समय कल्पना घर में अकेली थी. इस मौके का राहुल ने फायदा उठाया. उसने कल्पना को कुछ वीडियो दिखाए, जो उसके और कल्पना के बीच के अंतरंग संबंधों के थे. राहुल ने कहा कि अगर वह चाहे तो यह पॉर्न वीडियो वायरल कर सकता है. वीडियो वायरल करने की धमकी देकर राहुल ने कल्पना से शारीरिक संबंध बनाए और अगले दिन उसे वहां से जबरदस्ती ले जाने लगा.
लेकिन कल्पना ने उसके साथ जाने से मना कर दिया. वह राहुल की मनमानियों से तंग आ चुकी थी. वह लगातार उसे ब्लैकमेल करते आ रहा था. लेकिन आज जैसे उसने कुछ फैसला कर रखा था. पहले राहुल ने उसे प्यार से समझाने की कोशिश की. लेकिन इसके बावजूद वह तैयार नहीं हुई तो उसके साथ मार पिटाई करने लगा. इसी बीच अपने सीने में दबाकर रखे सच को कल्पना ने लोगों के बीच रख दिया और कहा कि यह लड़का जो मुझे अपना बीवी बताता है, लेकिन मैं उसे अपना पति नहीं मानती हूं. क्योंकि यह किसी दूसरे धर्म का है और मैं हिंदू धर्म से हूं.
विवाद बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई. बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची. कल्पना ने पुलिस को सिलीगुड़ी से शुरू हुई और इंदौर में खत्म हुई उन दोनों के बीच की प्रेम कहानी के बारे में विस्तार से बताया और तथाकथित राहुल को अपना पति मानने से इनकार कर दिया. उसने पुलिस अधिकारी से कहा कि वह अपने घर में अपनी मां के साथ रहना चाहती है. वह इस व्यक्ति के साथ जाना नहीं चाहती है. क्योंकि इस व्यक्ति ने मुझे हमेशा धोखा दिया है और ब्लैकमेल करता रहा है. उसके बयान के आधार पर बाणगंगा पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कथित राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
पुलिस सूत्रों तथा अन्य जानकारी के आधार पर इस घटना की पृष्ठभूमि आज से लगभग 2 वर्ष पहले की है, जब कल्पना एक इवेंट शो में बतौर सिंगर बनकर सिलीगुड़ी आई थी. वह जितनी अच्छी गायिका थी, उतनी ही ज्यादा खूबसूरत भी थी. सिलीगुड़ी में आयोजित इवेंट के दौरान कल्पना की एक मुस्लिम युवक के साथ दोस्ती हो गई, जिसने अपना धर्म बदलकर राहुल नाम से कल्पना से मिला. कल्पना का बातचीत का अंदाज राहुल को अच्छा लगा. राहुल उसकी चिर परिचित मुस्कान का दीवाना हो गया. वह उससे मोहब्बत करने लगा.
उस दिन कल्पना स्टेज शो करने के बाद अपने कमरे में जाने लगी. तभी राहुल वहां पहुंचा और उसे अपने कमरे में ले जाने लगा. कल्पना को अपने कमरे में ले जाकर राहुल ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहा तो कल्पना ने इसका विरोध किया. राहुल ने उसे बरगलाना शुरू कर दिया. कहा कि वह उससे विवाह करना चाहता है और उसी क्षण उसने उसकी मांग में सिंदूर भर दिया और कहने लगा कि आज से वह उसका पति हो गया. यह घटना सिलीगुड़ी में अगस्त 2024 में घटी थी.
कल्पना ने ना चाहते हुए भी राहुल को अपना पति मान लिया था तथा उसके साथ पत्नी बनकर रहने लगी थी. शुरू में तो कल्पना को पता नहीं चला कि उसको पाने के लिए राहुल ने अपना धर्म बदला था. बाद में उसे उसकी सच्चाई का पता चल गया. कल्पना को यह भी पता चला कि राहुल एक दिलफेंक युवक है और उसके कई लड़कियों के साथ रिश्ते हैं. वह लड़कियों को मनोरंजन की वस्तु समझता है. सच्चाई जानने के बाद कल्पना ने उससे छुटकारा पाने का प्रयास शुरू कर दिया. इस बीच वह प्रेग्नेंट हो गई थी.
अक्टूबर 2025 में कल्पना को राहुल से छुटकारा पाने का मौका हाथ लगा तो वह घर से निकल गई और सीधा दिल्ली पहुंच गई. दिल्ली में कल्पना की एक सहेली रहती थी. कल्पना अपनी सहेली के घर में रहने लगी. वहीं उसने एक शिशु को जन्म दिया. इसी साल मार्च में कल्पना अपने बच्चों को लेकर इंदौर स्थित अपने घर पहुंची. घर में कल्पना की मां रहती है. वह मां के साथ अपने बेटे को लेकर रहने लगी.
उधर राहुल को पता चला कि वह एक बेटे का बाप बन गया है तो कल्पना का पता करता हुआ वह सिलीगुड़ी से दिल्ली पहुंचा और फिर वहां से इंदौर, जहां उसके बारे में सारी सच्चाई जानने के बाद बाणगंगा थाने के टीआई सियाराम सिंह गुर्जर ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. फिलहाल इंदौर पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है. सवाल यह है कि कल्पना के बच्चे पर किसका अधिकार होगा? अगर तथाकथित राहुल कल्पना का पति नहीं है तो कल्पना ने जिस बच्चे को जन्म दिया है, उस बच्चे का पिता कौन है? पुलिस को क्या जवाब देगी कल्पना?
