April 17, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी की सनसनीखेज घटना! श्मशान से शिशु का शव किसने और क्यों गायब किया?

सिलीगुड़ी में एक तरफ राजनीतिक तापमान शीर्ष पर पहुंच चुका है, तो दूसरी तरफ सिलीगुड़ी के ही वार्ड नंबर 45 के अंतर्गत प्रकाश नगर इलाके में घटी एक अजीबोगरीब और रहस्यमय घटना ने प्रकाश नगर और आसपास के इलाकों को दहला कर रख दिया. यहां महानंदा नदी के किनारे स्थित श्मशान से जमीन में दफनाए गए एक शिशु के शव की चोरी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसके बाद यहां हड़कंप मच गया.

श्मशान घाट के पास ही काली मंदिर है. आरोप लगा कि काली मंदिर इलाके में घूमने वाले एक संदिग्ध तांत्रिक ने जमीन में दफनाए गए शिशु के शव को काला जादू की सिद्धि के लिए गायब कर दिया है. काली मंदिर के पुजारी बंकिम महाराज को इलाके के लोग श्रद्धा और सम्मान से देखते हैं. लेकिन इस इलाके में कुछ अन्य तथाकथित बाबा भी आते हैं. ऐसे लोग काला जादू की सिद्धि के लिए शिशु के शव को गायब कर देते हैं. काली मंदिर के पास ही बच्चों का श्मशान घाट है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 45 नंबर वार्ड के बी बी डी कॉलोनी के रहने वाले अमित बर्मन का लगभग ढाई साल का बेटा काल कवलित हो गया था. यह घटना 19 फरवरी 2026 की है. बेटे की मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में था. अमित बर्मन के परिवार के लोगों ने शिशु के शव को महानंदा नदी के किनारे स्थित श्मशान घाट में दफना दिया. शव के ऊपर सीमेंट की कंक्रीट बिछा दी गई थी. उस दिन जब घर का एक सदस्य शमशान घाट में समाधि देखने आया तो सीमेंट की कंक्रीट अपनी जगह से हटी और नीचे जमीन में सुराख देखकर उनके होश उड़ गए.

वह तुरंत ही घर पहुंचे और घर वालों को यह पूरी बात बता दी. जिसके बाद घर वाले भी हैरान परेशान रह गए. कुछ देर में पूरा परिवार नदी किनारे एकत्र था. उन्हें एहसास हो गया कि समाधि के नीचे से शिशु के शव को गायब कर दिया गया है. फिर क्या था! कुछ ही देर में आसपास में यह खबर फैल गई और काफी संख्या में लोग वहां पहुंच गए. इस बीच किसी ने भक्ति नगर पुलिस को मामले की जानकारी दे दी तो पुलिस भी वहां पहुंच गई.

तब तक नदी के किनारे लोगों में आक्रोश और उत्तेजना फैली हुई थी. काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए थे. अमित बर्मन का कहना था कि बच्चे के शव को एक तांत्रिक ने गायब किया है. इसके बाद लोग और ज्यादा उत्तेजित हो गए. पुलिस के पहुंचने पर अमित वर्मन ने बताया कि यहां अक्सर आने वाले एक तांत्रिक ने शिशु के शव की समाधि बनाने के लिए उनसे ₹25000 की मांग की थी. लेकिन उन्होंने पैसा देने से मना कर दिया. अमित वर्मन ने आरोप लगाया कि यह काम उसी तांत्रिक का ही हो सकता है. उसी ने उनके बच्चे के शव को गायब किया है.

ताकि स्थिति बिगड़े नहीं, मौके की नजाकत को भांपते हुए भक्ति नगर पुलिस ने वहां केंद्रीय बलों की टुकड़ी भी बुला ली. लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई. बाद में अमित बर्मन और परिवार के लोगों ने भक्ति नगर थाना में जाकर एक लिखित शिकायत एक तांत्रिक के खिलाफ दायर करा दी. इसके आधार पर पुलिस ने उक्त तांत्रिक को ढूंढ कर हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है.

प्रकाश नगर इलाके में लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी इस तरह की घटना यहां घट चुकी है.श्मशान घाट में इससे पहले भी काला जादू के लिए कई शवों को गायब कर दिया गया. इस घटना में अभी तक यह कंफर्म नहीं किया जा सका है कि क्या वाकई शव को गायब कर दिया गया है? यह तो तब पता चलेगा, जब मिट्टी हटायी जाएगी. इसके लिए अदालत की अनुमति की आवश्यकता होती है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

मिल रही जानकारी के अनुसार अमित बर्मन के परिवार के लोगों ने एक आवेदन किया है कि मिट्टी हटाकर शव की जांच की जाए. उनके आवेदन को स्वीकार कर लिया है और इस दिशा में कार्यवाही आगे बढ़ा दी गयी है. कब्र से मिट्टी हटाने का काम किसी राजपत्रित अथवा न्यायिक अधिकारी की मौजूदगी में होता है. अभी तक जिला प्रशासन की अनुमति नहीं मिली है. जिला प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद न्यायिक अधिकारी की उपस्थिति में मिट्टी खोदकर शव की स्थिति की जांच की जाएगी. तभी सच्चाई सामने आ सकेगी कि शिशु के शव को गायब किया गया है या फिर इस तरह की अफवाह उड़ाई गई है.

फिलहाल यहां पर लोगों की जुबान पर काला जादू चढ़ गया है. लोग इसी की चर्चा कर रहे हैं. हालांकि विज्ञान में काला जादू एक अंधविश्वास है. परंतु तंत्र-मंत्र की दुनिया में यह एक वशीकरण पद्धति है. तांत्रिक सिद्धि प्राप्त करने के लिए तांत्रिक कई तरह के टोटके करते हैं. उनमें इंसानी शव के साथ छेड़छाड़ भी शामिल है. क्योंकि प्रकाश नगर इलाके में स्थित यहां श्मशान घाट में बच्चों का श्मशान घाट भी है. ऐसे में तांत्रिक सिद्धि के लिए अक्सर तथाकथित तांत्रिक आते रहते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *