October 7, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

महिलाओं के लिए जरूरी खबर! सिलीगुड़ी में घूम रहे ऐसे ठगों से संभल कर रहें!

उस समय सिलीगुड़ी के सेवक रोड पर लोग आ-जा रहे थे. चारों तरफ चहल-पहल थी. लेकिन श्याम मंदिर वाली गली में आवाजाही न के बराबर थी. श्याम मंदिर किसी मित्तल बस स्टैंड के नजदीक स्थित है. श्याम मंदिर में अक्सर भक्त दर्शन के लिए जाते हैं. उनमें महिला श्रद्धालुओं की संख्या सबसे अधिक होती है. मदारीहाट की एक महिला भी श्याम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी.

महिला अकेली थी. वह सेवक रोड स्थित पी सी मित्तल बस स्टैंड पर उतरी और वहां से रोड पर चलते हुए पैदल ही श्याम मंदिर वाली गली में घुस गई. गली में चहल-पहल नहीं थी. महिला श्याम मंदिर की तरफ बढ़ रही थी. तभी विपरीत दिशा से एक नौजवान व्यक्ति महिला के पास आया और महिला से बोला कि वह भी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा है. उसके बाद अजनबी महिला से बातचीत करने लगा. बातों ही बातों में उसने बताया कि वह एक पहुंचा हुआ भविष्यवक्ता है. महिला का हाथ देखकर बता सकता है कि उनका भविष्य क्या है.

हालांकि महिला नहीं चाहती थी कि वह एक अनजान व्यक्ति से अपना हाथ दिखाए या अपने भविष्य के बारे में पूछताछ करे. लेकिन बातों ही बातों में उस व्यक्ति ने जैसे महिला पर सम्मोहन विद्या का इस्तेमाल किया. इसके बाद महिला वशीकरण विद्या के प्रभाव में आ गई. महिला को सम्मोहित करने के बाद उस व्यक्ति ने पहले कान में पहनी उनकी सोने की इयररिंग्स ले ली. उसके बाद महिला के पर्स में रखे कैश, जो लगभग ₹8000 था, को लेकर फरार हो गया. जब महिला सम्मोहन के प्रभाव से मुक्त हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी. यह घटना 1 अक्टूबर की है.

बाद में उन्होंने इस घटना की रिपोर्ट भक्ति नगर थाने में दर्ज करायी. भक्ति नगर थाना की तरफ से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही पुलिस फरार अजनबी को ढूंढ लेगी और उसके कब्जे से उनके सोने के झुमके और नगद पैसे बरामद कर उन्हें लौटा देगी. एक वीडियो के जरिए महिला ने अपनी आपबीती खबर समय को बताई है. आप भी इस वीडियो को देखिए.

दुर्गा पूजा की तैयारी में लगे सिलीगुड़ी के लोगों के लिए यह एक महत्वपूर्ण खबर है. अगर आप सिलीगुड़ी बाजार में निकले अथवा घर से निकलकर कहीं भी किसी काम के लिए जा रहे हो तो ऐसे लोगों से बचकर रहे. अन्यथा आपकी सुरक्षा को तो खतरा होगा ही, आपका पैसा और आपकी मूल्यवान वस्तु भी कुछ ही पलों में छूमंतर की तरह गायब हो जाएगी. दुर्गा पूजा को देखते हुए कथित रूप से बाहर से कुछ विशेष ठग सिलीगुड़ी शहर में प्रवेश कर चुके हैं. ये खासकर भोली भाली, मासूम और अकेली महिलाओं को अपना शिकार बना रहे हैं.

इस तरह के कई मामले अब स्थानीय थानों में भी पहुंच रहे हैं. पुलिस अधिकारियों की तरफ से भी लोगों खासकर महिलाओं को सचेत किया जा रहा है. यह मामला कितना गंभीर है, इस घटना से ही पता चल जाता है. जब भी घर से बाहर निकले, किसी भी अनजान व्यक्ति से किसी तरह की कोई सहायता ना ले और ना ही उसकी किसी बात पर भरोसा करें. खासकर जब आप अकेली हो तो अपने अकेलेपन का एहसास किसी को न होने दे. अपनी मूल्यवान वस्तु तथा पर्स को संभाल कर रखें. अगर कहीं किसी खतरे का एहसास हो तो रास्ता बदलकर तुरंत वहां से निकल जाए और पुलिस को सूचना दें.

भक्ति नगर थाना की पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. और घटना की पड़ताल करते हुए तथाकथित ठग की तलाश में जुट गई है. उस अजनबी ने महिला से कहा था कि वह ब्लड बैंक के पास रहता है. पुलिस ने वहां भी चौकसी बढ़ा दी है. पूरे शहर में अनजान अजनबी लोगों पर पुलिस की कड़ी नजर है. सूत्रों ने बताया कि इस तरह के कुछ लोगों का गिरोह हो सकता है, जो शहर और बस्ती क्षेत्र में इधर-उधर फैले हुए हैं और शिकार की तलाश कर रहे हैं.आपको बताते चलें कि सम्मोहन विद्या एक तांत्रिक विद्या है. इस विद्या के तांत्रिक या उस्ताद किसी भी व्यक्ति को कुछ समय के लिए प्रभावित कर सकते हैं और अपना उल्लू सीधा कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *