सिलीगुड़ी: मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं होने पर पुलिस ने एक 18 चक्का डंपर को जब्त कर उसमें से 20 मवेशियों को बरामद किया है। घटना विधाननगर के मादाती टोल प्लाजा की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीती रात करीब 3:25 बजे इस्लामपुर की ओर से आ रहे WB 59D 1187 नंबर के टाटा 18 चक्का डंपर को मादाती टोल प्लाजा पर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 20 मवेशी बरामद हुए।
पुलिस ने जब मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो चालक कथित तौर पर कोई आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी मवेशियों को जब्त कर लिया और डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों के इस परिवहन के पीछे किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है।

