सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी नगर निगम की 41वीं बोर्ड बैठक शनिवार को हुई। बैठक में सत्ताधारी दल के सभी पार्षद मौजूद थे, लेकिन भाजपा पार्षदों ने पहले ही बैठक का बहिष्कार कर दिया था। कांग्रेस पार्षद भी बैठक में अनुपस्थित थे, तो वहीं विपक्षी दल में माकपा पार्षद मौजूद थे।
बोर्ड बैठक के दौरान वामपंथी पार्षदों ने विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी। हालांकि कुछ मुद्दों पर बहस भी हुई, लेकिन बैठक अंत में शांतिपूर्ण तरीके से समाप्त हो गई। बैठक में शहर के समग्र विकास कार्य, जल परियोजनाओं और सुरक्षा उपायों पर व्यापक चर्चा हुई।
इस दिन सत्तारूढ़ दल के वार्ड नंबर 36 के पार्षद रंजन शील शर्मा अवैध निर्माण के मुद्दे को लेकर चर्चा करने की कोशिश की, सिलीगुड़ी शहर में अवैध निर्माण को लेकर बैठक का माहौल गर्मा गया।
बोर्ड बैठक के बाद मेयर गौतम देब ने पत्रकारों को बताया कि, शहर में विभिन्न विकास परियोजनाओं में तेजी लाई जाएगी। जलापूर्ति परियोजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि, शहर में बढ़ती चोरी और डकैती को रोकने के लिए पुलिस के साथ समन्वय कर मकान किराए पर देने के संबंध में नई नीति लागू की जाएगी। अब से नगर निगम वार्ड आधारित सर्वेक्षण कर किराएदारों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाएगा। बताया गया है कि, किराएदार कहां से आ रहे हैं, कितने समय से रह रहे हैं – यह सब सूचीबद्ध किया जाएगा। कुल मिलाकर इस बोर्ड बैठक में शहर के विकास, सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कई निर्णय लिए गए हैं।
(अस्वीकरण : सभी फ़ोटो सिर्फ खबर में दिए जा रहे तथ्यों को सांकेतिक रूप से दर्शाने के लिए दिए गए है । इन फोटोज का इस खबर से कोई संबंध नहीं है। सभी फोटोज इंटरनेट से लिये गए है।)