सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से आज कुल ₹1 करोड़ 23 लाख 64 हजार की लागत से खरीदी गई पांच नई गाड़ियों का औपचारिक उद्घाटन किया गया। नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को सेवा में शामिल किया।
लंबे समय से यह समस्या सामने आ रही थी कि नगर निगम की गाड़ियां रास्ते में खराब हो जाने पर कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम ने एक रिकवरी वैन खरीदी है। अब निगम की कोई भी गाड़ी अगर सड़क पर कहीं ब्रेकडाउन होती है, तो यह रिकवरी वैन तुरंत मौके पर पहुंचकर सहायता करेगी।
इसके साथ ही नगर निगम क्षेत्र में ऊंचाई पर लगे विद्युत स्ट्रीट लाइट खराब होने पर उनकी मरम्मत में भी कर्मचारियों को दिक्कत हो रही थी। कई लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी थीं। इस समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम की ओर से एक हाइड्रोलिक इलेक्ट्रिक लैडर वैन भी खरीदी गई है, जिससे ऊंचे खंभों पर लगी लाइटों की मरम्मत आसानी से की जा सकेगी।
सार्वजनिक सभाओं, सरकारी कार्यक्रमों और विभिन्न आयोजनों के दौरान शौचालय की व्यवस्था न होने से आम लोगों को परेशानी होती थी। इसको ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने एक मोबाइल टॉयलेट वैन भी खरीदी है। इस वैन में सौर ऊर्जा से बिजली और पानी की सुविधा उपलब्ध है। इसमें एक साथ दो महिलाएं और तीन पुरुष, कुल पांच लोग शौचालय का उपयोग कर सकते हैं।
इसके अलावा “आमार पाड़ा, आमार समाधान” परियोजना के तहत सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 6 और 7 के निवासियों की मांग पर इन दोनों वार्डों के लिए दो एंबुलेंस सेवाएं भी आज से शुरू कर दी गई हैं।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इन नई सुविधाओं से नागरिक सेवाएं और अधिक सुचारु होंगी और आम जनता के साथ-साथ कर्मचारियों को भी राहत मिलेगी।

