Siliguri में एक सप्ताह से लापता 14 नंबर वार्ड की पार्षद श्राबणी दत्ता की बेटी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई Siliguri Metropolitan Police की पानीटंकी आउटपोस्ट टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार, लगभग सात दिन पहले पार्षद श्राबणी दत्ता की बेटी अचानक लापता हो गई थी। परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पार्षद और उनके पति ने पानीटंकी आउटपोस्ट में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने युवती के मोबाइल फोन को ट्रैक किया और विभिन्न तकनीकी व स्थानीय सूत्रों की मदद ली। जांच में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं।
आखिरकार शुक्रवार सुबह पुलिस ने भक्तिनगर थाना क्षेत्र से युवती को बरामद कर लिया और अपहरण के आरोप में सुषांत साहा नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में अपहरण की पुष्टि हुई है, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
शुक्रवार को आरोपी को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया। वहीं बरामद युवती को भी कानूनी प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत किया गया। सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

