February 20, 2026
Sevoke Road, Siliguri
arrested allegations bagdogra Bagdogra Airport newsupdate sad news

बागडोगरा एयरपोर्ट में ऑनलाइन कैब ड्राइवरों के साथ मारपीट के आरोप, विरोध प्रदर्शन और शिकायत दर्ज !

Allegations of assault on online cab drivers at Bagdogra Airport, protests and complaint filed

Bagdogra Airport परिसर में ऑनलाइन कैब ड्राइवरों को परेशान करने, मारपीट करने और बुक किए गए यात्रियों को लेने से रोकने के आरोपों को लेकर विवाद गहरा गया है। इस घटना के विरोध में All India Trinamool Cab and Driver Operators Union के सदस्यों ने सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत सौंपकर प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

शिकायत में कहा गया है कि सिलीगुड़ी के ऑनलाइन कैब ड्राइवर Ola, Uber, Rapido और जात्री साथी जैसे ऐप के माध्यम से यात्रियों को सेवा प्रदान करते हैं। लेकिन पिछले 15 दिनों से एयरपोर्ट इलाके में कुछ स्थानीय ड्राइवर उन्हें बुक किए गए यात्रियों को लेने नहीं दे रहे हैं।

आरोप है कि कुछ मामलों में यात्रियों को गाड़ी से उतार दिया गया, गाली-गलौज की गई और ऑनलाइन ड्राइवरों के साथ मारपीट भी हुई। संगठन का दावा है कि इससे न केवल यात्रियों को असुविधा हो रही है, बल्कि ड्राइवरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है।

शुक्रवार को संगठन के प्रतिनिधियों ने सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर, एडीसीपी ट्रैफिक और सिलीगुड़ी सबडिवीजन प्रशासनिक अधिकारी के कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। संगठन की ओर से मीनल बर्मन ने कहा कि करीब 400 ऑनलाइन कैब ड्राइवरों की आजीविका पूरी तरह ऐप-आधारित बुकिंग पर निर्भर है और इस तरह की घटनाओं से उनकी रोजी-रोटी पर गंभीर असर पड़ रहा है।

संगठन का कहना है कि इस मुद्दे पर पहले भी स्थानीय स्तर पर बातचीत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिकायत में चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र हस्तक्षेप नहीं किया, तो ऑनलाइन कैब ड्राइवर अपनी आजीविका की रक्षा के लिए आंदोलन और भूख हड़ताल का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही गई है। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *