पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद से ही राज्य के विभिन्न इलाकों में कथित सिंडिकेट राज के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक सक्रिय नजर आ रहे हैं। लंबे समय से आम लोगों की शिकायत रही है कि कई क्षेत्रों में सिंडिकेट की दखलअंदाजी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
इसी क्रम में सोमवार को उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित दार्जिलिंग मोड़ के पास टैक्सी स्टैंड इलाके में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे और कथित सिंडिकेट गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया। आरोप है कि यहां यात्रियों से अतिरिक्त पैसे वसूले जाते थे, टिकट व्यवस्था में अनियमितता थी और आम लोगों को लगातार परेशान किया जा रहा था।
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि नई सरकार बनने के बाद राज्य में पारदर्शी प्रशासन स्थापित करने के उद्देश्य से इस तरह की गतिविधियों को अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दार्जिलिंग मोड़ जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर टैक्सी स्टैंड में चल रहे कथित सिंडिकेट को समाप्त करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा और पुलिस की निगरानी में यह पूरा अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। भाजपा नेतृत्व ने दावा किया है कि यह अभियान आम जनता के हित और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है और आगे भी राज्य के अन्य हिस्सों में जारी रहेगा।
इस घटना के बाद इलाके में हलचल देखी गई, हालांकि कई स्थानीय लोगों ने भाजपा की इस कार्रवाई का समर्थन भी किया है। लोगों का मानना है कि यदि इस तरह की कथित वसूली पर रोक लगती है, तो आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

