सिलीगुड़ी के एनजेपी थाना पुलिस ने एक साहसिक चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला 31 नंबर वार्ड के शीतलापाड़ा इलाके का है, जहां चोरों ने लाखों रुपये नकद और करीब 9 तोला सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया था।
जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल को चंदन साहा के घर पर यह वारदात हुई। चंदन साहा ने बैंक से बड़ी रकम निकालकर घर में रखी थी, जिसे किसी भुगतान के लिए उपयोग किया जाना था। इसी दौरान चोरों ने इसकी जानकारी हासिल कर रात के अंधेरे में घर में सेंधमारी की और नकदी के साथ-साथ सोने के गहने लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने एनजेपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने रविवार, 10 मई को इस मामले में कुख्यात अपराधी दीपक दास उर्फ ‘क्षेपा’ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार कर ली है, हालांकि अब तक चोरी गया सामान बरामद नहीं हो सका है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। सोमवार को आरोपी को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस उसकी 5 दिन की रिमांड की मांग करेगी, ताकि चोरी के सामान की बरामदगी और अन्य शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

