May 18, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी में अवैध रूप से चल रहे पब, सिंगिग बार,स्पा सेंटर और शराब की दुकानें बंद होंगी!

अब तो नई भाजपा सरकार में सिर्फ एक्शन ही देखा जा रहा है. भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, विधायक, सांसदों के मुंह से सिर्फ एक्शन ही सुन सकेंगे. नई भाजपा सरकार कल का काम जैसे आज ही निपटा लेना चाहती है. जैसे फिल्म नायक में अनिल कपूर एक दिन का मुख्यमंत्री बने और धड़ाधड़ फैसले लेते चले गए. ठीक उसी तरह से राज्य में नई भाजपा सरकार आते ही एक्शन में आ गई है.

हालांकि वो फिल्म थी. फिल्म में अनिल कपूर एक दिन का मुख्यमंत्री बना था. ढाई तीन घंटे की फिल्म में अनिल कपूर के द्वारा लिए जाने वाले फैसले अच्छे लगते हैं. पर फिल्म और हकीकत में काफी अंतर होता है. लेकिन जब हकीकत भी फिल्म की तरह नजर आए, तो काफी हैरानी होती है. लोगों को जल्दी भरोसा नहीं होता है. क्योंकि यह तिलिस्म जैसा लगता है.

नयी बीजेपी सरकार को काम करने के लिए पूरे 5 साल मिले हैं. लेकिन भाजपा नेताओं और मंत्रियों के मुंह से सुनिए तो यही कहते नजर आएंगे कि पिछली सरकारों ने बंगाल को बुरी तरह बर्बाद कर दिया. सभी क्षेत्रों में बंगाल बर्बाद हुआ है. इसलिए बंगाल को नए सिरे से खड़ा करने की जरूरत आन पड़ी है, जिसके लिए भाजपा सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और नेता पसीना बहा रहे हैं. ऐसा जमीन पर दिख भी रहा है.

बंगाल में भाजपा की सरकार क्या आई, भाजपा के नेता और मंत्री एक नए बंगाल के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने पिछली तृणमूल सरकार के फैसले को पलट दिया है. राज्य सरकार ने यह घोषणा की है कि राज्य के इमाम, मुआजिन तथा मंदिरों के पुजारी को कोई भत्ता नहीं दिया जाएगा. पिछली टीएमसी सरकार में उन्हें हर महीने भत्ते दिए जाते थे. सुबेंदु अधिकारी की सरकार ने राज्य में मदरसा क्षेत्र का आवंटन भी निलंबित कर दिया है.

दक्षिण बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से लेकर दिलीप घोष और अन्य मंत्री मोर्चा संभाले हुए हैं, तो सिलीगुड़ी समेत उत्तर बंगाल में दार्जिलिंग भाजपा सांसद राजू विष्ट के साथ ही यहां के विधायकों और सांसदों के बड़े-बड़े बयान सुर्खियों में है. इन दिनों राजू बिष्ट के बयान खूब चर्चा बटोर रहे हैं. राजू बिष्ट शुरू से ही टीएमसी सरकार पर हमलावर रहे हैं.

समय-समय पर राजू बिष्ट कुछ ऐसे बयान दे जाते हैं, जिसके लिए उनकी आलोचना तो होती है. पर ऐसे बयानों से वह चर्चा में भी आ जाते हैं. वे खुद को गुंडा, भ्रष्ट पुलिस कर्मियों को औकात दिखाने, रिश्वत की मांग करने वाले पुलिस अधिकारियों को थप्पड़ जड़ने जैसे बयान दे चुके हैं. केंद्रीय सरकार के कई मंत्रियों के करीबी रहे राजू बिष्ट के बढे हुए तेवर की एक मिसाल सिलीगुड़ी के संदर्भ में सामने आई है, जब उन्होंने अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के उत्तर बंगाल प्रांत एवं सिलीगुड़ी शाखा द्वारा उत्तर बंगाल मारवाड़ी पैलेस में आयोजित अभिनंदन समारोह में कहा था कि सिलीगुड़ी में कोई भी गैर कानूनी काम नहीं चलेगा.

राजू बिष्ट कहते हैं कि पिछली ममता बनर्जी की सरकार में सिलीगुड़ी में व्यापारियों से जबरन चंदा वसूली और अनेक अवैध कार्य होते थे. भाजपा सरकार यह सब बंद करवा रही है. यहां जनता का शासन होगा. उन्होंने सिलीगुड़ी में चोरी छिपे चलाए जा रहे अवैध मसाज सेंटर, स्पा सेंटर, ब्यूटी पार्लर, शराब की दुकानों के साथ ही सेवक रोड और सिलीगुड़ी के विभिन्न भागों में स्थित अवैध सिंगिंग बार, पब पर करारा हमला करते हुए कहा है कि यह बंगाल की संस्कृति नहीं है. या तो उनके मालिक खुद बंद कर लें या फिर सरकार उन्हें बंद करा देगी.

राजू बिष्ट ने कहा कि सिलीगुड़ी में मसाज सेंटर से लेकर पब, बार के मालिक कानून के अनुसार लाइसेंस लेकर काम करें. अगर गलत तरीके से काम किया तो भाजपा सरकार आपकी दुकान बंद करा देगी. आपको बताते चलें कि सिलीगुड़ी में कुकुरमुत्ता की तरह गली-गली में स्पा सेंटर खुल गए हैं, जिनमें से कई स्पा सेंटर अवैध तरीके से चल रहे हैं, जहां मसाज के नाम पर अश्लीलता परोसी जाती है. इसके अलावा यहां अवैध पब और बारों की संख्या भी बढ़ती जा रही है.

मल्टीप्लेक्स, बिग बाजार और बड़े-बड़े मॉल में अवैध रूप से चल रही ऐसी दुकानों पर आए दिन पुलिस के रेड पड़ते रहते हैं. गैर कानूनी रूप से चलाई जा रही इन दुकानों में अक्सर गलत कार्य होते हैं.सिलीगुड़ी की नौजवान पीढ़ी ऐसी दुकानों में जाकर गलत आदतों की शिकार हो रही है और बर्बाद हो रही है. काफी हद तक उनका बयान सही भी लगता है. पिछली सरकार ने इस तरफ ज्यादा ध्यान नहीं दिया था. पर अब लगता है कि मौजूदा भाजपा सरकार पिछली सरकार की भूलों को ठीक करने का व्रत ले चुकी है और अपने संकल्प पत्र को हर हालत में पूरा करने की ठान चुकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *