दार्जिलिंग:लंबे समय से खराब हालत में पड़े धोत्रे से मानेभंजन रोड की मरम्मत की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने गड्ढों और जलभराव वाले हिस्सों में ग्रामीणों ने धान रोपकर और बत्तख छोड़कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बारिश के दौरान हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। इस मार्ग से रोजाना आने-जाने वाले आम लोगों, छात्रों और पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इसी कारण मजबूर होकर उन्होंने यह अनोखा विरोध किया। ग्रामीणों ने जल्द सड़क मरम्मत की मांग करते हुए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

