न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस ने चोरी और आपराधिक गतिविधियों से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में चोरी हुए तांबे के तार बरामद किए गए, वहीं दूसरी ओर हथियारों के साथ चार लोगों को भी पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, फूलबाड़ी इलाके की एक फैक्ट्री से कुछ दिन पहले बड़ी मात्रा में तांबे के तार चोरी हो गए थे। इस मामले में फैक्ट्री की ओर से न्यू जलपाईगुड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और गुप्त सूत्रों के आधार पर फूलबाड़ी चेंगराबांधा इलाके से दो लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश उरांव और विक्की उरांव के रूप में हुई है। दोनों फूलबाड़ी चेंगराबांधा क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की बात कबूल की। पुलिस ने उनके घर से करीब 3 किलो 700 ग्राम तांबे के तार बरामद किए, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 से 12 हजार रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों को आज जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेंट्रल कॉलोनी उचामाठ इलाके में कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों के लिए इकट्ठा हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए, लेकिन चार लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल घोष, संजय सरकार, तापस दे और गोविंद पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनके पास से कुछ धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। सभी चार आरोपियों को भी आज जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया।
न्यू जलपाईगुड़ी थाना पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

