July 15, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

18 को आएंगे सिलीगुड़ी अमित शाह! उत्तरकन्या से चिकन नेक पर भरेंगे हुंकार! पड़ोसी देशों को दिखाएंगे दमखम!

चिकन नेक पर आंख दिखाने वाले देश हो जाएं सावधान! नहीं गलने वाली है उनकी दाल! ना कर सकेंगे कोई साजिश और ना कर सकेंगे कोई बवाल! क्योंकि सिलीगुड़ी आ रहे हैं अमित शाह और सिलीगुड़ी की धरती से पड़ोसी देशों को देंगे सख्त पैगाम.

नेपाल, बांग्लादेश, भूटान और चीन से घिरा सिलीगुड़ी भारत के सामरिक महत्व वाले शहरों में से एक है. सिलीगुड़ी से गुजरने वाला चिकन नेक असम समेत सात राज्यों को भारत से जोड़ता है. हालांकि चिकन नेक की सुरक्षा चाक चौबंद है. इसके बावजूद भारत सरकार इसमें किसी भी तरह की ढिलाई अथवा लापरवाही बरतना नहीं चाहती है.

हालांकि इस खबर की पुष्टि नहीं हो सकी है. परंतु समझा जाता है कि चिकन नेक को लेकर खुफिया व सुरक्षा एजेंसियों ने कोई महत्वपूर्ण बात बताई होगी. जिसको लेकर खुद केंद्रीय गृह मंत्री सिलीगुड़ी आ रहे हैं. यह बैठक सिलीगुड़ी के उत्तर कन्या में होगी और इस बैठक की अध्यक्षता स्वयं देश के गृह मंत्री अमित शाह करेंगे.

बांग्लादेश व चीन की संभावित साजिश और चिकन नेक को लेकर उन दोनों विदेशी देशों के इरादे नेक न देखकर भारत सरकार इस बात का प्रयास कर रही है कि सिलीगुड़ी गलियारे पर दुश्मन देश अपनी आंखें टेढी ना कर सके. हाल में ही बांग्लादेश ने चिकन नेक के निकट जिस प्रोजेक्ट को लेकर चीन से बात की है, अगर वह सफल रहता है तो इस स्थिति में भारत नहीं चाहेगा कि चीन के इंजीनियर इस महत्वपूर्ण गलियारे के सामरिक महत्व से जुड़े संवेदनशील बिंदुओं को जान सकें.

भारत के चीन और बांग्लादेश के साथ कूटनीतिक संबंध तो पहले से ही है लेकिन इन दिनों भारत फूंक फूंक कर कदम रख रहा है. जिस तरह से खुफिया एजेंसियों से जानकारी मिल रही है, उसके बाद चिकन नेक की सुरक्षा को लेकर सीधे गृह मंत्रालय जिम्मेवारी निर्धारित करने के पक्ष में है. 18 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सिलीगुड़ी आ रहे हैं. चिकन नेक पर सेना तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक करने वाले हैं.

उनकी बैठक सिलीगुड़ी के मिनी सचिवालय उत्तर कन्या में होगी. जिसकी जोर-शोर से तैयारी पहले से ही चल रही है. चिकन नेक की सुरक्षा को लेकर सरकार किस तरह गंभीर है, यह इसी बात से पता चल जाता है कि इस उच्च स्तरीय बैठक में भाग लेने के लिए थल सेवा प्रमुख धीरज सेठ तथा पूर्वी कमान के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल बी एम भुवन कृष्णन पहले ही यहां पहुंच चुके हैं. वे सुकना स्थित त्रिशक्ति कोर मुख्यालय में चिकन नेक और पड़ोसी देशों के सीमा को लेकर एक रणनीति की तैयारी कर रहे हैं.

सूत्र बता रहे हैं कि कदाचित खुफिया एजेंसियों से चिकन नेक को लेकर अधिकारियों को कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय कोई बड़ा कदम उठाने जा रहा है. गृह मंत्री अमित शाह के सिलीगुड़ी पहुंचने से पहले सेना प्रमुख चिकन नेक के साथ बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, चीन की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रिपोर्ट तैयार करेंगे और उसे अमित शाह के हवाले करेंगे.

चिकन नेक की जमीनी हकीकत और सुरक्षा का अवलोकन सेना प्रमुख कर सकते हैं और केंद्रीय गृह मंत्री को अपनी रिपोर्ट दे सकते हैं. सिलीगुड़ी में खुफिया तरीके से भी तैयारी कर ली गई है और इसके साथ ही उत्तर कन्या मिनी सचिवालय में होने वाली बैठक को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चिकन नेक को लेकर कोई बड़ी बात कह सकते हैं. वह यहां से पड़ोसी देशों को एक मैसेज भी दे सकते हैं.

18 जुलाई को सिलीगुड़ी में अमित शाह के आगमन को देखते हुए सिलीगुड़ी पुलिस प्रशासन ने यातायात से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था सुरक्षा की व्यापक तैयारी की है. उस दिन उत्तर कन्या की विशेष सुरक्षा की जाएगी. इसके साथ ही खुफिया तरीके से चिकन नेक की सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम और व्यवस्था का एक ब्लूप्रिंट तैयार किया जा सकता है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *