जनगणना 2027 के तहत शुरू होने वाली स्व-गणना (Self-Enumeration) प्रक्रिया के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को शिलिगुड़ी उपमंडलाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में विशेष प्रचार रथ (टैब्लो) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर दार्जिलिंग के जिलाधिकारी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
प्रशासन के अनुसार, 1 अगस्त से नागरिक सरकारी पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए आम लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया, उसके महत्व और ऑनलाइन भागीदारी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि जनगणना 2027 को सफल बनाने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस प्रचार अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोग स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे और निर्धारित समय के भीतर सरकारी पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे।

