छठ पूजा का समय है. ऐसे में एक तरफ शहर में छठ पूजा को लेकर काफी गहमागहमी है तो दूसरी तरफ सिलीगुड़ी नगर निगम के कुछ संवेदनशील वार्डों में अफरा तफरी, अराजकता, भय व संत्रास की भी स्थिति देखी जा रही है, जहां कभी चंदे को लेकर तो कभी छठ पूजा कमेटियों में किसी सम्मान जनक पद, प्रतिष्ठा या चीफ गेस्ट न बनाए जाने को लेकर भी विवाद और मारपीट के मामले सामने आ रहे हैं. सिलीगुड़ी के गंगानगर में भी एक ऐसा ही ज्वलंत मामला सामने आया है.
हालांकि यह मामला अभी पुलिस में नहीं आया है. और केवल आरोप ही सामने आ रहे हैं. हरिओम छठ पूजा घाट समिति गंगानगर के सचिव अविनाश मिश्रा ने आरोप लगाया है कि वार्ड नंबर 5 के पूर्व पार्षद अनीता महतो के पिता अशोक महतो ने लगभग एक दर्जन समर्थकों के साथ उनके घर में घुसकर उनके साथ-साथ उनके बूढ़े माता-पिता पर हमला इसलिए किया, क्योंकि हरिओम छठ पूजा घाट समिति ने अनीता महतो को चीफ गेस्ट के रूप में बुलाने का फैसला नहीं किया था. दूसरी तरफ भाजपा नेता राजू साहा ने इस बात से इनकार किया है कि अनीता महतो हरिओम छठ पूजा घाट समिति में चीफ गेस्ट बनने की इच्छा रखती थी.
इस मामले में अब तक अनीता महतो अथवा उनके पिता अशोक महतो की तरफ से खबर समय को कोई स्पष्टीकरण नहीं मिला है. परंतु यह घटना कई सवालों को जन्म देती है. यह घटना मौजूदा राजनीति, राजनीतिक दलों की सोच, आज के नेताओं की खबरों में बने रहने की सियासत तथा वर्तमान सामाजिक दशा और दिशा की ओर इंगित करती है. यूं तो गंगानगर, संतोषी नगर शुरू से ही शराब तस्करी, मारपीट और आपराधिक पृष्ठभूमि के केंद्र में रहा है. लेकिन वक्त बदलने के साथ ही इसमें कुछ ज्यादा ही इजाफा देखा जा रहा है. आए दिन वार्ड नंबर 5 किसी न किसी घटना को लेकर सुर्खियों में रहता है.
वार्ड नंबर 5 में कई घाटों पर छठ पूजा का आयोजन हो रहा है. सिलीगुड़ी का वार्ड नंबर 5 आमतौर पर हिंदी भाषी वार्ड माना जाता है, जहां दूसरे वार्डो की तुलना में अधिकतर संख्या में छठ व्रती व्रत करते हैं. यहां छठ पूजा की कई समितियां हैं. उनमें से एक हरिओम छठ पूजा घाट समिति है. इस छठ पूजा समिति के सचिव अविनाश मिश्रा के अनुसार रात्रि लगभग 10:30 बजे जब वह छठ पूजा का चंदा काट कर घर लौट रहे थे तो पूर्व पार्षद अनीता महतो के पिता अशोक महतो अपने समर्थकों के साथ उनके घर में घुस कर उनके माता-पिता को डराते- धमकाते, गाली गलौज कर रहे थे.
सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचे तो अशोक महतो के नेतृत्व में उनके साथ आए लोगों ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह मारा पीटा. अविनाश मिश्रा ने बताया कि उन पर तथा उनके माता-पिता पर हमला इसलिए कराया गया, क्योंकि हरिओम छठ पूजा घाट समिति ने मुख्य अतिथि के तौर पर अनीता महतो को जगह नहीं दी थी. उन्हें लगा कि इसके लिए मैं जिम्मेदार हूं. इसी खुन्नस व गुस्से में अशोक महतो तथा उनके साथ आए लोगों ने उन पर तथा उनके परिवार पर हमला किया था. इस घटना से वह काफी दुखी और डरे हुए हैं.
इस घटना के बाद अविनाश मिश्रा ने सिलीगुडी के विधायक और पर्यटन मंत्री शंकर घोष से मामले की शिकायत की है.उन्होंने भाजपा नेता राजू साहा से लेकर अमित जैन तक से भी फरियाद की है. इस घटना को लेकर शिकायत करते हुए अविनाश मिश्रा ने बताया कि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई अथवा उन्हें इंसाफ नहीं मिला तो वह हरिओम छठ पूजा घाट समिति से इस्तीफा दे देंगे.
बताया जाता है कि भाजपा नेताओं ने उन्हें समझा कर और छठ पूजा बीतने तक अपने पद पर बने रहने और छठ पूजा व्रतियोंं की सेवा करते रहने के लिए कहा है. अविनाश मिश्रा ने बताया कि मंत्री और भाजपा नेताओं ने उन्हें आश्वासन दिया है कि छठ पूजा बीतने के बाद उनके मामले को देखा जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है. ना ही अनीता महतो की ओर से अब तक कोई स्पष्टीकरण प्राप्त हुआ है.
