September 17, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

बंगाल में पीएम आवास योजना के 50 लाख लाभार्थियों की सूची तैयार! सिलीगुड़ी में कितनी महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा?

पश्चिम बंगाल में कल का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन पर बंगाल की लगभग डेढ़ करोड़ महिलाओं के खाते में अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त जारी की. बंगाल की महिलाओं के लिए अब तक की सरकारों ने जितना कुछ किया, परंतु लोगों का मानना है कि उनमें यह पहली सरकार है, जब अन्नपूर्णा योजना से लेकर पीएम आवास योजना तक का लाभ सीधे महिलाओं को मिलेगा.

पूरे प्रदेश में पीएम आवास योजना के तहत 50 लाख लाभार्थियों की सूची तैयार की जा रही है. अथवा तैयार कर ली गई है. अपने जन्मदिन पर प्रधानमंत्री ने स्वयं इसकी घोषणा करते हुए कहा कि बंगाल के 50 लाख गरीब परिवारों को चिन्हित कर लिया गया है, जिन्हें पक्के मकान दिए जाएंगे. सवाल यह है कि सिलीगुड़ी में कितने गरीब परिवारों को पीएम आवास योजना के तहत पक्के मकान मिलेंगे? कल प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में सिलीगुड़ी की गरीब महिलाओं की आंखों में भी उम्मीद के दीए जला दिए हैं. प्रधानमंत्री ने यकीन दिलाया है कि पीएम आवास योजना के तहत उपलब्ध कराए गए पक्के मकानों का मालिकाना हक महिलाओं के पास रहेगा.

वर्तमान समय में महिलाएं जहां विभिन्न चुनौतियों से संघर्ष कर रही हैं, जहां उन्हें अपना मकान रहते हुए भी आश्रम में जाकर अपना जीवन गुजारना पड़ता है, ऐसे माहौल में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के द्वारा उनके जीवन में उजाला लाने का प्रयास और विश्वास उनकी आरजू को जिंदा रखने के लिए काफी है. मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद सिलीगुड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थी जरूरतमंद महिलाओं के बीच उत्सुकता पूर्ण चर्चा शुरू हो गई है. सूत्रों ने बताया कि अभी इस योजना के तहत पात्र महिलाओं और परिवारों के चयन का काम बाकी है.

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री के संबोधन पर मुहर लगाते हुए कहा है कि योजना के तहत बनने वाले सभी नए मकानों का मालिकाना हक महिलाओं के पास होगा. कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म दिवस पूरे बंगाल में अन्नपूर्णा दिवस के रूप में मनाया गया. सिलीगुड़ी से लेकर पूरे प्रदेश में आशीर्वाद का दीया जलाया गया. और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु ,स्वस्थ और भविष्य में इसी तरह से देश सेवा करते रहने की दुआ की गई. इस अवसर पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल में हर साल 17 सितंबर को अन्नपूर्णा दिवस के रूप में मनाया जाएगा.

मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद सिलीगुड़ी की महिलाओं में उत्सुकता बढ़ गई है. एक तरफ उन्हें अन्नपूर्णा योजना के तहत राशि मिलने की खुशी हो रही है, तो दूसरी तरफ पीएम आवास योजना के तहत उन्हें पक्के मकान मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में ऐसे अनेक परिवार रहते हैं, जिनके सर के ऊपर छत नहीं है. ऐसी अनेक महिलाएं हैं जिनके पास ना तो कोई रोजी रोटी है और ना ही उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने की क्षमता है. वे अभाव में गुजर बसर कर रही हैं. ऐसी सभी महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना के तहत मिली राशि ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की ऊर्जा प्रदान की है. उनके आत्म-विश्वास को बढ़ाया है.

प्रधानमंत्री ने ऐसी सभी महिलाओं को भरोसा दिया कि हर महीने एक निश्चित रकम उनके खाते में जमा की जाएगी. उन्हें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की महिलाओं के पास फैसले लेने की ताकत और आगे बढ़ने का साहस दोनों होने चाहिए. अन्नपूर्णा योजना उन्हें सहायता देगी. प्रधानमंत्री ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना बंगाल की महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्रयास है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि बंगाल की महिलाओं में फैसला लेने की शक्ति हो और आगे बढ़ने का साहस हो. उन्होंने कहा कि घर में हमारी माता और बहनों के कंधों पर कई जिम्मेदारियां होती है. कई छोटे बड़े फैसलों के बीच उन्हें परिवार का ख्याल रखना होता है. जब उनके लिए जरूरी खर्चों की चिंता कम हो जाती है तो उनका आत्मविश्वास और बढ़ जाता है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल की लाभार्थी महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना की किस्त जारी करते हुए कहा कि इससे महिलाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि होगी. उनकी निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि होगी. उनका आर्थिक सशक्तिकरण होगा. उन्होंने बंगाल की महिलाओं को अन्नपूर्णा योजना की गारंटी दी. मुख्यमंत्री ने साल्ट लेक में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, अन्नपूर्णा योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी थी. हमने इसे लागू कर प्रधानमंत्री के वचन को पूरा किया है.

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लक्ष्य करके कहा कि आपके अटूट समर्पण और दूरदर्शी नेतृत्व में हमारा देश विकास, प्रगति और गौरव के पथ पर निरंतर बढ रहा है. मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना करता हूं. आपके कुशल नेतृत्व में भारत और अधिक समृद्ध तथा मजबूत बने, यही दुआ करता हूं. बहरहाल 17 सितंबर पश्चिम बंगाल के लिए किसी ऐतिहासिक दिन से कम नहीं महत्व रखता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *