ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति और स्थानीय समस्याओं को लेकर हुई समीक्षा बैठक में आवास योजना समेत कई परियोजनाओं पर चर्चा हुई। पंचायतों में भ्रष्टाचार की शिकायतों को लेकर करीब 10% पंचायतों में स्पेशल ऑडिट कराने की बात कही गई।दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के पंचायत इलाकों में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन की ओर से स्पेशल रिव्यू मीटिंग आयोजित की गई।बैठक में आवास योजना समेत ग्रामीण विकास की अलग-अलग योजनाओं की मौजूदा स्थिति, काम में आ रही दिक्कतों और परियोजनाओं को जल्द पूरा करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री दिलीप घोष ने बताया कि अलग-अलग ब्लॉकों के BDO से विकास योजनाओं की प्रगति और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली गई है।बताया गया कि लंबे समय से जारी बारिश और कर्मचारियों की कमी के कारण कुछ इलाकों में विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित हुई है। प्रशासन का दावा है कि स्थानीय स्तर की समस्याओं की पहचान कर उन्हें जल्द दूर करने की कोशिश की जा रही है, ताकि पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
वहीं, पंचायतों में भ्रष्टाचार की शिकायतों को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। मंत्री के मुताबिक, करीब 10 प्रतिशत पंचायतों में स्पेशल ऑडिट कराया जाएगा।पहाड़ी क्षेत्रों में GTA से जुड़े मामलों पर भी जरूरी कार्रवाई की बात कही गई है। नए GTA चेयरमैन को पंचायत क्षेत्रों की समस्याओं और जरूरतों की एक ड्राफ्ट लिस्ट तैयार कर भेजने का निर्देश दिया गया है।
इसके अलावा, जहां कर्मचारियों की कमी के कारण काम प्रभावित हो रहा है, वहां जरूरत के मुताबिक नए स्टाफ की भर्ती के लिए भी पहल करने की बात कही गई।
प्रशासन का कहना है कि पंचायत क्षेत्रों में विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और काम की रफ्तार बढ़ाने पर लगातार नजर रखी जा रही है।

