October 9, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी से रवाना चाय पत्ती से लदा ट्रक कहां गायब हुआ? पुलिस को मिली बड़ी सफलता!

लगभग 1 महीने से सिलीगुड़ी से गायब 2 क्विंटल से अधिक चाय चाय पत्ती का सुराग पुलिस को मिल गया है. पुलिस ने अधिकांश चाय पत्ती बरामद कर ली है. बाकी चाय पत्ती भी शीघ्र बरामद होने की उम्मीद बढ़ गई है. इस घटना को लेकर ट्रांसपोर्ट और व्यापारियों में दहशत व्याप्त थी. अब पुलिस की इन्वेस्टिगेशन, भाग दौड़ के बाद माल की वापसी सुनिश्चित नजर आ रही है. जानिए आखिर चाय पत्ती से लदा और सिलीगुड़ी से रवाना हुआ मालवाहक ट्रक कैसे और कहां गायब हो गया?

सिलीगुड़ी के आसपास पहाड़ और Dooars में चाय की अच्छी खेती होती है. यहां से चाय पत्ती राज्य के दूसरे भागों में निर्यात की जाती है. वर्तमान में सिलीगुड़ी चाय कारोबार के लिए काफी प्रसिद्ध है. देश के दूसरे राज्यों के व्यापारी चाय पत्ती का मोटा आर्डर करते हैं. यहां से चाय पत्तियों को ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रक में भर कर गंतव्य स्थल तक भेजा जाता है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि बीच रास्ते में ही ट्रक गायब हो जाता है.

एक ऐसा ही मामला सामने आया है. मिली जानकारी के अनुसार बजाज परिवहन ने चाय पत्ती के मिले ऑर्डर को ट्रक में लोड करवाया और उसे 3 सितंबर को गंतव्य स्थल पंजाब के भटिंडा के लिए रवाना कर दिया. ट्रक का नंबर NH 73 E 8484 है. यह ट्रक बीच रास्ते में ही गायब हो गया, जिसको लेकर बजाज परिवहन के अधिकारी विष्णु हेमका ने भोरेर आलो थाने में 11 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

यह मुकदमा भोरेर आलो थाना कांड संख्या 339/ 24 के तहत पंजीकृत किया गया था. प्राथमिकी के अनुसार ट्रक में 69 पैकेटों में दो क्विंटल से अधिक चाय पत्ती लोड की गई थी. इस ट्रक को ललित कुमार नामक चालक चला रहा था. ललित कुमार शामली, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था. जब वह ट्रक लेकर चला तो सब कुछ ठीक था. उसका फोन भी चालू था. लेकिन 9 सितंबर को जब उसके मोबाइल पर बात करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल बंद मिला. इसके बाद ट्रांसपोर्ट के अधिकारी चिंतित हो गए.

व्यापारी और ट्रांसपोर्ट के अधिकारियों ने पहले तो ट्रक और ट्रक चालक का खुद से पता लगाने की कोशिश की. उन्होंने कई बार चालक के मोबाइल पर फोन भी किया. लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो दो दिन इधर-उधर लापता ट्रक का पता लगाने के बाद जब उन्हें कोई सफलता नहीं मिली तो आखिरकार ट्रांसपोर्ट के अधिकारियों ने भोरेर आलो थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई.

पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद लापता ट्रक और ट्रक ड्राइवर का पता लगाने की तकनीकी कोशिश की. इसी क्रम में पता चला कि बिहार के बेगूसराय जिले के अन्तर्गत पहसारा में ट्रक आया था. बंगाल पुलिस ने लोकेशन के आधार पर स्थान के निकटवर्ती थाना नाव कोठी से संपर्क किया और लापता ट्रक तथा चाय पत्ती के बारे में सूचना देने का वहां की पुलिस से आग्रह किया. जब यह कंफर्म हो गया कि चाय पत्ती पहसारा में ही है तो बंगाल पुलिस तुरंत बेगूसराय पहुंची और नाव कोठी थाना के अधिकारी मोहम्मद फिरदौस से संपर्क करके दबिश की कार्रवाई की.

भोरेर आलो की पुलिस और बेगूसराय की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ट्रक बरामदगी की तो सूचना नहीं है. लेकिन गायब हुई चाय पत्ती का कुछ भाग गांव के एक व्यक्ति के घर से बरामद हुआ है. पुलिस ने जब वहां दबिश डाली तो नंदन चौधरी के घर में रखे गये चाय पत्ती के 40 बैग मिले. उसे संयुक्त बल ने अपने कब्जे में ले लिया. बरामद चाय पत्ती का वजन 1269 किलोग्राम है.

पुलिस ने बासुकी कुमार मंडल और ललित कुमार नामक दो व्यक्तियों को 8 दिनों के पुलिस रिमांड में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. लेकिन अभी तक यह पता नहीं चला है कि चाय पत्ती के शेष पैकेट कहां छुपा कर रखे गए हैं. इसके अलावा गायब ट्रक का भी अभी तक पता नहीं चला है. पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही शेष चाय पत्तियों को बरामद कर लिया जाएगा. इस मामले की जांच पुलिस अधिकारी मनोज कुमार राय कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *