November 3, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी व आसपास बस्ती इलाकों में घूम रहे बहुरूपियों से रहें सावधान!

त्यौहारों की भीड़ में कहीं आप खो न जाएं, इसलिए संभल कर रहना जरूरी है. हमेशा अपनी जेब, मोबाइल और घर की निगरानी करते रहें. घर में किसी अपरिचित को ना बुलाएं. भिक्षा मांगने वाले पाखंडियों से भी रहें सावधान. क्या पता भिक्षा की आड़ में यह आपको हिप्नोटाइज कर अपना उल्लू सीधा करने लगें.

अगर आप बाजार में खरीदारी करने निकले तो वहां भी ये लोग आपसे टकरा सकते हैं. अगर आप उनकी बातों में आए तो आपका कीमती सामान गायब हो सकता है. यह फटाफट काम करते हैं और निकल जाते हैं. इनका कोई अता पता नहीं होता. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इनमें से अधिकतर लोग सिलीगुड़ी से बाहर से आए होते हैं. यह झुंड में भी हो सकते हैं

यह स्थानीय भी नहीं होते. इस तरह की सिलीगुड़ी में दो बड़ी घटनाएं घट चुकी है. एक सिलीगुड़ी के सेवक रोड स्थित श्याम मंदिर के आसपास तो दूसरी बड़ी घटना चंपासारी में घटी थी, जहां ठगों ने अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं को हिप्नोटाइज करके उनके पैसे और गहने हड़प लिए थे.

इन दिनों सिलीगुड़ी के बस्ती क्षेत्रों तथा आसपास के इलाकों में ऐसे कुछ बहुरूपिए घूम रहे हैं. यह कभी काली पूजा का चंदा मांगने के बहाने अथवा भिक्षाटन को लेकर आपके दरवाजे पर दस्तक दे सकते हैं. उनके कंधे से लटकता एक साधारण झोला और हाथ में कुछ पोथिया हो सकती हैं.वे खुद को एक ज्योतिषी या तांत्रिक के रूप में भी पेश कर सकते हैं.

मिलते ही यह आपका भविष्य बांचने लग जाते हैं. सूत्र बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों तथा बस्ती इलाकों में यह दरवाजे दरवाजे घूम रहे हैं. ऐसे अनजान लोगों से सावधान रहें तथा उनसे ज्यादा बात ना करें. उन्हें घर में आमंत्रित भी ना करें. ऐसे लोग खासकर उस समय शिकार की तलाश में रहते हैं, जब घर में कोई नहीं होता. पुरुष काम पर जा चुके होते हैं. यह अक्सर स्त्रियों को ही अपना शिकार बनाते हैं.

अपने घर का दरवाजा हमेशा बंद रखें और किसी भी अजनबी को घर में घुसने ना दें. सूत्रों ने बताया है कि इन अजनबियों में से कई सीमावर्ती इलाकों, बिहार, नेपाल या फिर झारखंड के हो सकते हैं. ग्रामीण इलाकों में लोग उतने जागरूक नहीं होते. ऐसे में वहां अपनी दाल गलाने के लिए यह चक्कर लगा सकते हैं. सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस ने भी लोगों से जागरूक रहने की अपील की है.

याद रखिए एक बार आप इनके चक्कर में आ गए तो आपका कीमती सामान गायब हो सकता है. क्योंकि यह स्थानीय नहीं होते. ऐसे में पुलिस उनकी पहचान करने अथवा उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कुछ नहीं कर सकती. सूत्र बताते हैं कि बस्ती इलाकों में घूम रहे बहुरूपियों में से कई बहुरूपिये तंत्र-मंत्र विद्या के जानकार भी होते हैं और यह अपनी विद्या के जरिए आपको आसानी से सम्मोहित कर सकते हैं.

दीपावली, काली पूजा और छठ पूजा को लेकर सिलीगुड़ी का बाजार गर्म है. बाजार की भीड़ में उनकी मौजूदगी रह सकती है. पुलिस प्रशासन त्यौहारों के समय कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए भरसक कोशिश करता है. इसलिए पुलिस सब जगह आपकी निगरानी नहीं कर सकती है. अपनी सुरक्षा स्वयं करें. अफवाह से बचें तथा सतर्क होकर अपना कार्य निष्पादन करें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *