क्या आपने कभी सोचा है कि महावीर स्थान रेल गेट बंद हो जाने से पूरे सिलीगुड़ी शहर की तस्वीर ही बदल जाएगी! सिलीगुड़ी दो भागों में बंटा नजर आ सकता है. सिलीगुड़ी शहर का मैप बदल जाएगा. यह कई तरह से सिलीगुड़ी को प्रभावित कर सकता है. व्यावहारिक और तकनीकी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं.
विधान मार्केट, रेगुलेटेड मार्केट, हिलकार्ट रोड, सेवक रोड आदि से जुड़ने के लिए माल ढुलाई करने वाले वाहनों को वर्धमान रोड से ही जाना होगा. यह सिलीगुड़ी के कारोबार, व्यवसाय और आम नागरिकों को किस कदर प्रभावित करेगा, इसकी एक संभावना के रूप में यह प्रस्तुति पेश है.
कई दशकों से कारोबार और व्यापार स्थल के रूप में प्रसिद्ध महावीर स्थान रेल गेट व्यापारिक संगठनों के भारी विरोध के बावजूद बंद होने जा रहा है. रेल प्रशासन के साथ कई बार बैठक होने के बावजूद नतीजा शून्य ही रहा है. इस हफ्ते भी व्यापारिक संगठनों की रेल अधिकारियों के साथ बैठक होने वाली है.लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकलने वाला है. और अब तो तय है कि रेल गेट इतिहास का एक हिस्सा बन जाएगा.
इससे पहले शिव मंदिर और फुलेशवरी इलाके के रेल गेट बंद किये जा चुके हैं. रेलवे ने सिलीगुड़ी में कई नई रेल परियोजनाओं के विस्तार के साथ ही आधुनिकीकरण का काम हाथ में लिया है. रेलवे की योजना के अनुसार एनजेपी, सिलीगुड़ी टाउन और सिलीगुड़ी जंक्शन स्टेशन के आसपास स्थित सभी मकानों और दुकानों को खाली कराया जाएगा.
रेलवे ने उपरोक्त इलाकों में रहने वाले अब तक लगभग 4000 लोगों को जमीन खाली करने का नोटिस दिया है. इनमें से अधिकतर दुकाने हैं. अभी तक इन क्षेत्रों में आवासीय और व्यापारिक स्थलों को खाली नहीं किया गया है. पर सूत्र बताते हैं कि छठ पूजा के बाद रेलवे प्रशासन रेल की जमीन से दुकानों और मकानों को खाली कराने के काम में तेजी ला सकता है.
रेलवे की योजना के अनुसार आधुनिकीकरण और विस्तार योजना के तहत रेलवे ओवर ब्रिज, फ्लाईओवर तथा अंडरपास के इलाके में स्थित रेल गेटों को बंद किया जा रहा है. छठ पूजा के बाद इसमें तेजी आ सकती है. आखिर में रेल गेट का नंबर आने वाला है. इसलिए अब इसमें कोई दो राय नहीं रही कि महावीर स्थान का रेल गेट बंद नहीं होगा!
इस रेल गेट के बंद हो जाने से माना जाता है कि सिलीगुड़ी का मैप ही बदल जाएगा. इस क्षेत्र में व्यवसायिक कारोबार तो खत्म होगा ही, महावीरस्थान, थाना मोड, बाबू पाड़ा, S F रोड, नया बाजार आदि इलाकों से विधान मार्केट अथवा दूसरे बड़े बाजारों में जाने के लिए कारोबारियों को वर्धमान रोड, हिलकार्ट रोड, सेवक रोड होते हुए जाना पड़ सकता है, जिससे न केवल शहर की मुख्य सड़कों पर यातायात का भारी दबाव बढ़ेगा बल्कि ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ जाएगी.
सिलीगुड़ी का एकमात्र रेल गेट ही है, जो सुबह से लेकर देर रात तक गहमागहमी से भरा रहता है. इस रेल गेट से होकर व्यापारिक सामानों तथा वाहनों को हमेशा ही गमनागमन करते देख सकते हैं. लेकिन जब यह बंद हो जाएगा तो नया बाजार इलाके से व्यापारिक माल ढोने वाली गाड़ियों को सेवक रोड या हिलकार्ट रोड जाने के लिए वर्धमान रोड से ही जाना पड़ सकता है. जिसमें काफी खर्चा भी आएगा और समय की भी काफी बर्बादी हो सकती है.
सिलीगुड़ी के मानचित्र पर महावीर स्थान शीर्ष पर है. महावीर स्थान रेल गेट के आसपास रेल गेट सब्जी फल बाजार, टाउन स्टेशन, बागरा कोट, अंबेडकर मार्केट समेत लगभग 10 छोटे बड़े बाजार हैं. इन बाजारों में रोजाना करोड़ों रुपए का कारोबार होता है. बृहद खुदरा व्यवसाय समिति के अनुसार इन बाजारों में रोजाना 8 से 10 करोड रुपए का कारोबार होता है. अब रेल गेट के बंद हो जाने से इन सभी बाजारों के वजूद का खतरा बढ़ने वाला है.
सिलीगुड़ी के कई अन्य व्यापारिक संगठनों ने भी इस बात को लेकर चिंता व्यक्त की है कि खालपाडा, नया बाजार आदि से माल ढुलाई जो वर्तमान में रेलगेट के रास्ते विधान मार्केट, सेवक रोड, हिलकार्ट रोड आदि इलाकों में होती है, रेल गेट बंद होने के बाद माल ढुलाई के लिए एकमात्र वर्धमान रोड का सहारा लेना पड़ सकता है. इससे वर्धमान रोड ही नहीं बल्कि एयर व्यू मोड, हिलकार्ट रोड, सेवक रोड आदि पर यातायात का भारी दबाव बढ़ेगा.
इसमें समय और ऊर्जा भी काफी व्यय होगा. कुछ लोगों की चिंता यह भी है कि अगर रेल गेट बंद हो जाता है तो सिलीगुड़ी दो भागों में बट जाएगा. बहरहाल अब देखना होगा कि इस सप्ताहांत होने वाली व्यापारिक संगठनों की रेल अधिकारियों के साथ बैठक में क्या नई बात सामने आती है!
