November 16, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

छठ पूजा समापन के साथ ही सिलीगुड़ी में पसरा रहा सन्नाटा!

त्यौहार बीतने के बाद जिस तरह से वातावरण में अजीब सी उदासी छा जाती है, ठीक उसी तरह से पिछले कई दिनों से सिलीगुड़ी में छठ पूजा को लेकर चल रही हलचल और उत्साह छठ पर्व समापन के साथ ही उदासी में परिणत नजर आया. सड़कों पर आवाजाही कम देखी गई. बाजार में सन्नाटा पसरा रहा. बहुत सी दुकानें बंद देखी गई. यह सन्नाटा कुछ उसी तरह से व्यथित करता रहा, जैसे कोई प्रिय चीज गुम हो गयी हो.

आज छठ व्रतियों तथा उनके परिवारों को कुछ ऐसा ही एहसास हुआ है. छठी मैया की विदाई हो गई, यह अहसास ही उन्हें कुरेदता रहा. लेकिन जो चीज आई है उसे तो जाना ही है. धीरे-धीरे लोग रोजमर्रा के कार्य में उलझते जाएंगे. छठी मैया की याद भी कम होती जाएगी. हर बार ऐसा ही होता है. हर त्यौहार में ऐसा ही होता है. धीरे-धीरे सब सामान्य हो जाता है.

सिलीगुड़ी में तो रोज ही सूर्योदय और सूर्यास्त होता है. लेकिन आज का सूर्योदय साधारण सूर्योदय नहीं था. महानंदा के शांत और प्रवाहमान जल में खड़े होकर छठ व्रती भगवान सूर्य के उदित होने का बेसब्री से इंतजार करते रहे. लेकिन आज बादलों और कुहासों के झुंड ने जैसे भगवान भास्कर को खुद में मजबूती से छुपा रखा था. यहां तक कि सूर्य की लालिमा देखने के लिए भी छठ व्रती तरसते रह गए.

खैर उदित होते सूर्य की कल्पना करके अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ पूजा का समापन हो गया. सिलीगुड़ी और पूरे प्रदेश में इस बार काफी धूमधाम से छठ पूजा का आयोजन किया गया था. सिलीगुड़ी में दर्जनों छठ पूजा कमेटियों के द्वारा भिन्न-भिन्न घाटों पर छठ व्रतियों के लिए सभी तरह की व्यवस्थाएं की गई थीं. पहली बार बंगाल सरकार ने छठ पूजा के आयोजन में बढ़ चढ़कर भाग लिया था. सेवा शिविर,इंतजाम, साफ सफाई, ट्रैफिक से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था काफी चुस्त दुरुस्त रही.

सिलीगुड़ी में छठ पूजा का आयोजन बड़े पैमाने पर होता है. ऐसा माना जाता है कि बिहार की राजधानी पटना के बाद सिलीगुड़ी में इतने बड़े स्तर पर छठ पूजा आयोजित की जाती है. किसी समय छठ पूजा पूर्वांचल के लोगों तक ही सीमित थी. परंतु वर्तमान में यह पूजा जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर घर-घर में होने लगी है. यही कारण है कि महानंदा और दूसरी नदियों के घाट पर छठव्रतियों और श्रद्धालुओं का सैलाब देखा गया.

इस छठ पूजा में कई रंग देखने को मिले. न केवल घाट पर ही, बल्कि घाट से बाहर भी कुछ खट्टा और कुछ मीठा रहा. छठ व्रतियों का घाट पर छठी मइया के प्रति समर्पण का अंदाज अद्भुत रहा, तो छठ पूजा कमेटियों और प्रशासनिक व्यवस्था भी अनोखी देखी गई. जैसे प्रसिद्ध दुर्गा पूजा में प्रशासन और कमेटियों की मुस्तैदी देखी जाती है, ठीक उसी तरह की ऊर्जा और जिम्मेदारी की अनुभूति होती रही. ममता टीएमसी के कुछ लोगों ने तो बंगाल सरकार और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी पर यहां तक आरोप लगा दिया कि उन्होंने छठ पूजा में बढ़ चढ़कर भाग लेकर बंगाली अस्मिता की तौहीन की है.

खैर यह तो राजनीतिक बातें हैं. एक विपक्षी राजनीतिक दल के नेताओं से और उम्मीद भी क्या की जा सकती है! लेकिन इस छठ पूजा की सबसे बड़ी विशेषता महानंदा नदी और उसका पानी रहा, जो छठ घाट पर आए सभी श्रद्धालुओं और व्रतियोंं को प्रेरित करता रहा. महानंदा तो ऊपर से शांत नजर आ रही थी. लेकिन अंदर ही अंदर उसका जल गतिमान रहा और यह प्रेरणा देता रहा कि मनुष्य को विभिन्न स्थितियों में शांति और धैर्य से लगातार अपना काम करते रहना चाहिए.

जैसे महानंदा का पानी तो शांत रहता है, लेकिन लगातार प्रवाह मान रहता है. इसी तरह से मनुष्य को भिन्न-भिन्न स्थितियों में शांत रहकर अपना मकसद हल करने के लिए लगातार काम करते रहना चाहिए. जाते-जाते जैसे छठी मैया अपने सभी भक्तों और व्रतियोंं को यह प्रेरणा दे गई है!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *