November 17, 2026
Sevoke Road, Siliguri
प्रमुख हेडलाइंस और अपडेट्स

सिलीगुड़ी चिकन नेक क्षेत्र में तस्करी की बढती घटनाओं पर लगाम लगाने की तैयारी!

सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में ड्रग्स से लेकर शराब की तस्करी कोई नई बात नहीं है. हर दिन चिकन नेक क्षेत्र में ऐसी घटनाएं देखी जाती है. हालांकि रेलवे पुलिस और सीआईडी की टीम तस्करों के खिलाफ अभियान तो चलाती है, परंतु कुछ ही मामले सामने आ पाते हैं. जबकि अधिकांश तस्कर अपने खेल में कामयाब हो जाते हैं. ऐसे में यह सवाल काफी महत्वपूर्ण है कि सिलीगुड़ी गलियारे की सुरक्षा के लिए तस्करी की बढती घटनाओं पर लगाम कैसे लगाई जाए? इसी पर केंद्रित है यह रिपोर्ट.

सिलीगुड़ी चिकन नेक के सामरिक महत्व तथा उसकी संवेदनशीलता को देखते हुए सिलीगुड़ी गलियारे की सुरक्षा के मद्देनजर सरकार ने एक सोची समझी योजना के तहत रेल नेटवर्क का विस्तार तो शुरू किया है, पर ऐसा लगता है कि सरकार से वांछित लक्ष्य की प्राप्ति में कहीं ना कहीं चूक हो रही है. यह चूक मानवीय हो सकती है. अलबत्ता इस चूक के चलते सिलीगुड़ी गलियारे की सुरक्षा में सेंध लगनी शुरू हो चुकी है.

एक तरफ चिकन नेक में रेलवे नेटवर्क का विस्तार उसकी सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन दूसरी तरफ सिलीगुड़ी गलियारे की सुरक्षा के उद्देश्य को ध्यान में रखकर शुरू किए गए रेल नेटवर्क विस्तार का लाभ तस्करों ने उठाना शुरू कर दिया है. केवल 4 महीने में ही सिलीगुड़ी गलियारे से गुजरने वाली ट्रेनों से लगभग 1700 लीटर शराब, 800 किलो गांजा, लगभग 9 किलो ब्राउन शुगर, 6 किलो याबा से लेकर प्रतिबंधित कफ सिरप की हजारों बोतलें जब्त की जा चुकी है.

एनजेपी, सिलीगुड़ी जंक्शन जैसे रेलवे स्टेशनों का विस्तार हो रहा है. एनजेपी को अत्याधुनिक विश्व स्तरीय रेल स्टेशन विकसित किया जा रहा है. दूसरी तरफ सिलीगुड़ी गलियारे के सामरिक महत्व को देखते हुए केंद्र सरकार की ओर से उत्तर दिनाजपुर इस्लामपुर से सिलीगुड़ी तक भूमिगत रेल नेटवर्क विकसित करने की भी योजना है. लेकिन तस्कर हैं कि रेलवे तथा केंद्र सरकार की योजनाओं पर पलीता लगा रहे हैं.

यह कम हैरानी की बात नहीं है कि केवल 4 महीने में जीआरपी ने तस्करों के खिलाफ 130 मामले दर्ज किए और उन्हें गिरफ्तार किया. 65 मामले मादक पदार्थों की तस्करी के हैं जबकि शराब तस्करी के 51 मामले चल रहे हैं. अगर सिलीगुड़ी जीआरपी को और अधिक सशक्त बनाया जाता अथवा आधुनिक संसाधनों से लैस किया जाता तो ये मामले और ज्यादा बढ़ सकते थे. इसके अभाव में ही लगभग 10 फीसदी मामले ही प्रकाश में पाते हैं जबकि 90% मामलों में तस्कर आसानी से बच निकलते हैं.

सिलीगुड़ी गलियारे में तस्करों की बढ़ती घुसपैठ को नाकाम करने के लिए सिलीगुड़ी जीआरपी को अधिक से अधिक शक्तिशाली बनाने की आवश्यकता है. जरा सिलीगुड़ी जीआरपी के काम और उसकी जिम्मेदारियों को समझते हैं. मुर्शिदाबाद से अलीपुरद्वार तक क्षेत्र में मालदा से अलीपुरद्वार तक लगभग 10 रेलवे थाने और पुलिस चौकियां आती है. ये सभी रेल थाने बांग्लादेश के निकट हल्दीबाड़ी, राधिकापुर, विराल, सिंघाबाद, रहनपुर से लेकर नेपाल सीमा के निकट नक्सलबाड़ी, गलगलिया, ठाकुरगंज तक सिलीगुड़ी जीआरपी के अधीन आते हैं.

इतना ही नहीं इन क्षेत्रों में विभिन्न स्टेशनों से चलने वाली 10 से अधिक ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी भी सिलीगुड़ी जीआरपी के अधीन है. काम इतना बड़ा व महत्वपूर्ण है जबकि सिलीगुड़ी जीआरपी में उसके हिसाब से संख्या बल की भारी कमी है. वर्तमान में छोटे से लेकर बड़े अधिकारियों को मिलाकर 150 संख्या बल है. जबकि कर्मियों की संख्या लगभग 300 है. यानी 300 लोग या तो कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं या फिर सिपाही हैं. इन्हीं लोगों की सहायता से इतने बड़े महत्वपूर्ण काम को अंजाम दिया जा रहा है.

जाहिर है कि संसाधनों के अभाव में केवल मुट्ठी भर पुलिसकर्मियों की मदद से सिलीगुड़ी चिकन नेक के अंतर्गत रेल नेटवर्क की सुरक्षा को मजबूत करना एक अत्यंत चुनौती पूर्ण कार्य है. यही कारण है कि तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में जीआरपी को पसीने छूटने लगते हैं. अधिकांश तस्कर सिलीगुडी जीआरपी की नजर बचा कर फरार होने में कामयाब हो जाते हैं. संख्या बल के अभाव में चिकन नेक से गुजरने वाली ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा से लेकर सामानों की नियमित जांच एक चुनौती पूर्ण कार्य है.

इसका पूरा लाभ तस्कर उठा रहे हैं. तस्करी का यह खेल तभी कम हो सकता है या बंद हो सकता है, जब जीआरपी को अधिक से अधिक सशक्त बनाया जाए. जीआरपी को केवल संख्या बल के आधार पर ही नहीं, बल्कि संसाधनों के मामले में भी उतना ही शक्तिशाली बनाने की आवश्यकता है. अब इस कमी को अधिकारियों ने भलीभांति भांप लिया है. जल्द ही 400 कांस्टेबल व ASI, SI स्तर के 100 अधिकारियों की नियुक्ति की जा सकती है. इस संबंध में प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है. उम्मीद की जानी चाहिए कि जल्द ही चिकन नेक इलाके में तस्करी की बढ़ती घटनाओं में कमी आएगी!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *